Raveena Tandon News: रवीना टंडन का एक चौंकाने वाला वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो में रवीना टंडन बहुत सारे लोगों से घिरी दिखाई दे रही हैं, जिसमें एक महिला कहती दिख रही हैं कि एक्ट्रेस ने उन्हें मारा है.
Raveena Tandon Viral Video: बॉलीवुड की पॉपुलर एक्ट्रेस रवीना टंडन का एक वीडियो इंटरनेट पर आग की तरह वायरल हो रहा है. वीडियो में रवीना टंडन कई लोगों के बीच घिरी दिख रही हैं, जो एक्ट्रेस से धक्का-मुक्की भी कर रहे हैं. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि लोग रवीना टंडन से बहस करते, उनपर आरोप लगा रहे हैं कि एक्ट्रेस और उनके ड्राइवर ने एक बुजुर्ग महिला और उनकी फैमिली से मारपीट की है. वहीं वीडियो में रवीना अपना बचाव करती दिख रही हैं.रवीना टंडन वायरल वीडियो में चारों तरफ से लोगों से घिरी दिख रही हैं, वह पुलिस को फोन करने की कोशिश भी कर रही हैं. वीडियो में बहुत सारी आवाजों के बीच एक महिला की आवाज आती है कि उसकी नाक पर चोट लगी है. फिर एक शख्स की भी आवाज आती है जो कह रहा है कि एक्ट्रेस ने उसकी मां पर गाड़ी चढ़ाई है. वायरल वीडियो में रवीना अपना बचाव करते हुए कहती दिख रही हैं- प्लीज-प्लीज धक्का मत दो. मुझे मत मारो. हालांकि लोगों के शोर और कई आवाजों के बीच काफी चीजें सही से सुनाई नहीं दे रही हैं.
रवीना टंडन पर नशे में होने का आरोप
वायरल वीडियो में एक शख्स बाद में कैमरा के सामने कहता दिख रहा है कि वह पीड़ित महिला का बेटा है और अपना नाम मोहम्मद बताता है. शख्स का कहना है कि उनकी मां, बहन और भांजी रवीना टंडन के घर के पास से गुजर रही थीं, तो उनके ड्राइवर ने उन्हें खूब मारा. शख्स ने वीडियो में गाड़ी चढ़ाने का आरोप भी लगाया है. शख्स का कहना है कि रवीना टंडन ने भी उनकी मां को मारा है, साथ ही दावा किया है कि एक्ट्रेस नशे में थीं. वायरल वीडियो में शख्स कहता दिख रहा है कि उसकी मां और भांजी का सिर फट गया है. इतना ही नहीं शख्स वीडियो में कहता दिख रहा है कि वह 4 घंटे से खार पुलिस स्टेशन में खड़े हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही.

