Google Analytics —— Meta Pixel

दिग्गज एक्टर मनोज कुमार का 87 की उम्र में निधन

News Desk
2 Min Read

मुंबई। अपने जमाने के दिग्गज एक्टर मनोज कुमार का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। 87 साल की उम्र में उन्होंने मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में आखिरी सांस ली। मनोज अपनी देश भक्ति फिल्मों के लिए जाने जाते थे। उन्होंने क्रांति, उपकार, पूरब पश्चिम जैसी मूवी की थी।

मनोज कुमार को 7 फ़िल्मफ़ेयर पुरस्कार मिले थे। पहला फ़िल्मफ़ेयर उन्हें साल 1968 में फ़िल्म उपकार के लिए मिला था। उपकार ने सर्वश्रेष्ठ फ़िल्म, सर्वश्रेष्ठ निर्देशक, सर्वश्रेष्ठ कहानी और सर्वश्रेष्ठ संवाद के लिए 4 फ़िल्मफ़ेयर जीते। साल 1992 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया।

2016 में उन्हें दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मनोज कुमार ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के कहने पर उपकार बनाई थी लेकिन शास्त्री जी यह फ़िल्म नहीं देख पाए। शास्त्री जी का 1966 में निधन हो गया जबकि फिल्म 1967 में रिलीज हुई।

24 जुलाई 1937 को पाकिस्तान के एबटाबाद में जन्में मनोज कुमार का असली नाम हरिकृष्ण गोस्वामी था। एबटाबाद वही जगह है जहां पर 2 मई 2011 को अमेरिका ने आतंकी ओसामा बिन लादेन को मार गिराया था। मनोज कुमार बचपन से ही दिलीप कुमार के बहुत बड़े फैन थे।

दिलीप साहब की फिल्म शबनम (1949) इन्हें इतनी पसंद आई कि उन्होंने इसे कई बार देखा। फिल्म में दिलीप कुमार का नाम मनोज था तो यह देखकर इन्होंने भी अपना नाम मनोज कुमार रख लिया।

Share this Article