Google Analytics —— Meta Pixel

वर्षों का इंतजार खत्म: सीएम हेल्पलाइन से मिली पहचान, जिला प्रशासन की पहल से बना राम साहू का आधार कार्ड….

News Desk
3 Min Read

रायपुर: कभी आधार कार्ड बनवाने के लिए वर्षों तक दफ्तरों के चक्कर लगाने को मजबूर रहे मुंगेली जिले के विकासखंड लोरमी के ग्राम सिंघनपुरी निवासी श्री राम साहू के जीवन में आखिरकार खुशियों की नई सुबह आई। लगभग 13 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद सीएम हेल्पलाइन और जिला प्रशासन मुंगेली की संवेदनशील पहल से उनका आधार कार्ड बन गया। इसके साथ ही उनके लिए शासकीय योजनाओं, बैंकिंग सेवाओं और अन्य आवश्यक सुविधाओं का लाभ लेने का मार्ग भी प्रशस्त हो गया।

श्री राम साहू ने आधार कार्ड बनवाने के लिए वर्षों तक कई बार प्रयास किए, लेकिन तकनीकी एवं अन्य कारणों से हर बार उन्हें निराशा हाथ लगी। आधार कार्ड नहीं होने के कारण वे अनेक शासकीय योजनाओं और सेवाओं से वंचित रह रहे थे। अंततः उन्होंने अपनी समस्या के समाधान के लिए सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत प्राप्त होते ही कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देश पर जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया। संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से श्री राम साहू को जिला पंचायत मुंगेली स्थित आधार पंजीयन केंद्र बुलाया गया, जहां उनकी आधार नामांकन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कराई गई।

आधार पंजीयन पूर्ण होने के बाद श्री राम साहू की वर्षों पुरानी चिंता दूर हो गई। खुशी से भावुक हुए श्री साहू ने कहा कि पिछले 13 वर्षों से वे आधार कार्ड बनवाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे थे, लेकिन सफलता नहीं मिल रही थी। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन और जिला प्रशासन मुंगेली की तत्परता से आज उनकी सबसे बड़ी समस्या का समाधान हो गया। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब वे भी बिना किसी बाधा के सरकारी योजनाओं और अन्य सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।

ई-जिला प्रबंधक श्रीमती सोनम शर्मा ने बताया कि यह केवल एक आधार कार्ड बनने का मामला नहीं, बल्कि सुशासन, संवेदनशील प्रशासन और प्रभावी शिकायत निवारण व्यवस्था का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन प्रत्येक नागरिक की समस्या के समाधान के लिए पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। यह सफलता आमजन के विश्वास को और मजबूत करती है कि शासन-प्रशासन उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर है।

Share this Article