Google Analytics —— Meta Pixel

विधानसभा सत्र के तीसरे दिन हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी पर हंगामा, तीखी बहस जारी

News Desk
2 Min Read

झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र का तीसरा दिन भी हंगामेदार रहा। सदन में अपनी बात रखते हुए कांग्रेस विधायक दल के उपनेता प्रदीप यादव ने भाजपा पर जोरदार हमला बोला। प्रदीप यादव ने कहा कि हेमंत सोरेन के खिलाफ मनगढ़ंत केस को लेकर भाजपा नेताओं को कान पकड़कर माफी मांगनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि ईडी की हेमंत सोरेन के खिलाफ कार्रवाई मनगढंत केस पर आधारित थी। सुप्रीम कोर्ट के निर्णय से भी यह प्रमाणित हो गया है कि हेमंत सोरेन बेकसूर हैं। इस कृत्य से झारखंड का महत्वपूर्ण समय नष्ट हुआ है। भाजपा नेताओं को इसपर माफी मांगनी चाहिए।

इस बीच, भाजपा विधायकों ने जोरदार हंगामा किया। इस दौरान, भाजपा और सत्तापक्ष के विधायक आसन के सामने आ गए। जोरदार हंगामे को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही को साढ़े बारह बजे तक के लिए स्थगित कर दिया है।

विधानसभा की कार्यवाही के पहले भाजपा विधायकों ने विधानसभा के गेट के बाहर प्रदर्शन किया। भाजपा विधायकों का आरोप है कि राज्य की डेमोग्राफी में तेजी से बदलाव हो रहा है, लेकिन सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है।

बता दें कि मानसून सत्र के पहले दिन से ही भाजपा हेमंत सरकार पर हमलावर है। हंगामे की बीच सदन का चलना मुश्किल हो गया है। विधानसभा अध्यक्ष को सत्र के दौरान कई बार कार्यवाही को लंबे समय के लिए स्थगित करना पड़ रहा।

Share this Article