Google Analytics —— Meta Pixel

झारखंड में भीषण गर्मी से ‘लू’ की चपेट में रहेंगे ये 7 जिले, डाल्टनगंज में टूटा तापमान का रिकॉर्ड

News Desk
2 Min Read

राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में हीटवेव का कहर लगातार जारी है। चार जिले गोड्डा, पाकुड़, साहिबगंज और सिमडेगा को छोड़ बाकी जिलों में हीटवेव को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। यह पहली बार है कि जब पूरे राज्य का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही रह रहा है।

7 जिलों में हीटवेव का खतरनाक असर

मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान की बात करें तो रांची, रामगढ़, चतरा, हजारीबाग, बोकारो, धनबाद और गिरिडीह में हीटवेव का असर देखा जा रहा है। सरायकेला खरसावां, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, गढ़वा और पलामू में सर्वाधिक हीटवेव का असर रहा।

डाल्टनगंज में तापमान ने बनाया रिकॉर्ड

इससे आमजनों से लेकर पशु-पक्षियों तक का हाल बेहाल है। लोग बाहर निकलने से परहेज कर रहे हैं और मानसून का इंतजार कर रहे हैं। सर्वाधिक तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस डाल्टनगंज का रिकार्ड किया गया है। मौसम विज्ञानी ने बताया कि 15 से 17 जून तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज गर्मी का असर रहेगा।

राज्य में कहीं कहीं वज्रपात होने की भी संभावना है इसे लेकर यलो और आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं राजधानी रांची में 15 से 20 जून के मध्य सामान्य रूप से बादल छाए रहने और एक या दो बार हल्की वर्षा होने की संभावना बनी है। लेकिन गर्मी का प्रकोप कुछ ऐसा है कि बादल संघनित नहीं हो पा रहा है।

पिछले 24 घंटे में ऐसा रहा मौसम 

पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो राज्य में कहीं कहीं आंधी के साथ हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा हुई। सबसे अधिक वर्षा 21 मिमी सिमडेगा के बांसजोर में हुई। राज्य के गढ़वा, पलामू, डाल्टनगंज में भीषण हीटवेव का असर देखने को मिला।

सबसे अधिक अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस डाल्टनगंज का रिकार्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस चाईबासा का रिकार्ड किया गया। राजधानी रांची की बात करें तो अधिकतम तापमान 40 डिग्री जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

Share this Article