Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में 7 IAS अफसरों के प्रभार में हुआ फेरबदल, संजीव कुमार झा MD छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम बने

News Desk
2 Min Read

 रायपुर
छत्तीसगढ़ सरकार ने सात आईएएस अधिकारियों के प्रभार में बदलाव किया है, जिसकी घोषणा गुरुवार को की गई। 2009 बैच की आईएएस अधिकारी डॉ. प्रियंका शुक्ला को आयुक्त-सह-संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं के पद पर नियुक्त किया गया है, साथ ही उन्हें स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के विशेष सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

प्रियंका शुक्ला के पदभार ग्रहण करते ही, आईएएस अधिकारी चंदन कुमार को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के विशेष सचिव के पद से मुक्त किया जाएगा। वहीं, 2012 बैच की आईएएस अधिकारी दिव्या उमेश मिश्रा को संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय के साथ-साथ राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) के प्रबंध संचालक और राज्य साक्षरता मिशन के संचालक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

बलरामपुर-रामानुजगंज के कलेक्टर को हटाया गया, नया कलेक्टर नियुक्त

बलरामपुर-रामानुजगंज के कलेक्टर रिमीजियूस एक्का को हटाकर 2013 बैच के आईएएस अधिकारी राजेंद्र कुमार कटारा को नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। यह निर्णय तीन सप्ताह पहले बलरामपुर में पुलिस कस्टडी में स्वास्थ्यकर्मी गुरुचरण मंडल की मौत के बाद हुई हिंसा और विरोध प्रदर्शनों के बाद लिया गया। इस घटना के बाद थाने में लोगों ने हमला किया और तोड़फोड़ की थी, जिसके चलते एफआईआर भी दर्ज की गई थी। कलेक्टर की हटाने की वजह इस घटनाक्रम से भी जुड़ी बताई जा रही है।

अन्य अधिकारियों की नियुक्तियां और जिम्मेदारियां:

    डॉ. प्रियंका शुक्ला: आयुक्त-सह-संचालक स्वास्थ्य सेवाएं, विशेष सचिव, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग।

    संजीव कुमार झा: पाठ्यपुस्तक निगम के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार।

    रिमीजियूस एक्का: संचालक, पशु चिकित्सा सेवाएं, विशेष सचिव, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग।

    दिव्या उमेश मिश्रा: संचालक, SCERT, मिशन संचालक, राज्य साक्षरता मिशन।

    जगदीश सोनकर: मिशन संचालक, राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान।

    राजेंद्र कुमार कटारा: कलेक्टर, बलरामपुर-रामानुजगंज।

    ऋतुराज रघुवंशी: संचालक, तकनीकी शिक्षा, रोजगार एवं प्रशिक्षण।

 

Share this Article