Google Analytics —— Meta Pixel

मुंबई में दिसंबर का सबसे गर्म दिन, तापमान 16 सालों में पहली बार 37.3 डिग्री सेल्सियस पहुंचा

News Desk
2 Min Read

मुंबई। आमतौर पर दिसंबर के महीने में भयंकर ठंड होती है लेकिन इस साल दिसंबर के महीने में भी पहले की तरह ठंड नहीं पड़ रही है।
इस बीच भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने बताया कि बुधवार को मुंबई में अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 16 वर्षों में दिसंबर का सबसे गर्म दिन था।
उपनगरों के तापमान पर नजर रखने वाली सांताक्रूज वेधशाला ने 37.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया, जबकि द्वीप शहर के लिए कोलाबा मौसम केंद्र ने 35 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया।

आईएमडी मुंबई की वैज्ञानिक सुषमा नायर ने बताया कि 5 दिसंबर 2008 को कलिना वेधशाला ने 37.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया था।
अभी पिछले सप्ताह ही 29 नवंबर को मुंबई में न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो पिछले आठ वर्षों में नवंबर में सबसे कम तापमान था।

बुधवार की सुबह मुंबई और महाराष्ट्र के अन्य कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई और शहर का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया।
मंगलवार से ही शहर के आसमान में बादल छाए हुए हैं।

आईएमडी ने बताया कि दक्षिण मुंबई स्थित कोलाबा वेधशाला में न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पश्चिमी उपनगर सांताक्रूज में 25.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई।
आईएमडी ने कहा, चक्रवाती तूफान फेंगल के कारण नमी आने से बारिश हुई।

Share this Article