Google Analytics —— Meta Pixel

अभिनेता सैफ अली खान पर चाकू से हमला करने वाला संदिग्ध छत्तीसगढ़ में गिरफ्तार

News Desk
3 Min Read

मुंबई। अभिनेता सैफ अली खान पर चाकू से हमला करने के मामले में छत्तीसगढ़ की दुर्ग रेल पुलिस ने एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि रेलवे पुलिस ने शनिवार दोपहर शालीमार ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस के जनरल डिब्बे से संदिग्ध आरोपी को गिरफ्तार किया। सूत्रों से जानकारी मिली है कि मुंबई पुलिस जल्द ही छत्तीसगढ़ के दुर्ग पहुंचेगी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुंबई पुलिस ने दुर्ग रेल पुलिस को सूचना दी थी कि ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस ट्रेन से एक संदिग्ध व्यक्ति यात्रा कर रहा है। उसकी फोटो और टावर लोकेशन भी साझा की गई थी। इस आधार पर दुर्ग रेल पुलिस ने उक्त ट्रेन के जनरल डिब्बे की जांच की। इस दौरान उन्हें आरोपी मिल गया। मुंबई से पुलिस अधिकारियों ने वीडियो कॉल के जरिए संदिग्ध की पहचान कर ली। अब मुंबई पुलिस संदिग्ध को यहां लाकर उससे आगे की पूछताछ करेगी। आपको बता दें कि मुंबई पुलिस ने मामले की जांच के लिए 35 टीमें बनाई हैं। वे अलग-अलग जगहों पर जांच कर रही हैं। शनिवार को हमलावर बांद्रा रेलवे स्टेशन के पास लगे सीसीटीवी में नजर आया था। बताया जा रहा है कि हमले के बाद भागते समय उसने अपने कपड़े बदले थे। फुटेज से यह भी पता चला है कि संदिग्ध व्यक्ति दादर में एक मोबाइल शॉप पर हेडफोन खरीद रहा था।

क्या है मामला ?
बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर तीन दिन पूर्व बांद्रा (पश्चिम) स्थित उनके घर में देर रात अज्ञात चोर ने चाकू से हमला किया था। इस हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के समय सैफ का परिवार घर पर था। सैफ अली खान को छह जगहों पर चाकू घोंपे जाने के बाद गंभीर चोटों के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने सैफ के घर से सीसीटीवी फुटेज जब्त कर ली है। घटना की जांच बांद्रा पुलिस और मुंबई क्राइम ब्रांच द्वारा की जा रही है। चल रही जांच के बारे में बात करते हुए पुलिस उपायुक्त दीक्षित गेडाम ने कहा कि घर में घुसने वाला हमलावर अब सुरक्षा तोड़कर आया था। हमलावर सैफ के फ्लैट में कैसे घुसा? क्या हमलावर चोरी का प्रयास कर रहा था या उसका कोई अन्य उद्देश्य था? इसकी भी जांच की जा रही है।

Share this Article