Google Analytics —— Meta Pixel

मुंबई में अचानक बदला मौसम, भारी बारिश से कई क्षेत्रों में भरा पानी

News Desk
2 Min Read

मुंबई। मुंबई में मौसम ने अचानक करवट ली और गुरुवार को जोरदार बारिश हुई। मुंबई के कई इलाकों में भारी बारिश के साथ आंधी चली और बिजली भी गिरी। बारिश से कई जगहों पर सड़कें पानी में डूब गईं। वहीं, बारिश से महानगर के कुछ निचले इलाकों में पानी भर गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मुंबई में हल्की बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया था।

बारिश ने नवरात्रि उत्सव को फीका कर दिया। कई लोगों की गरबा की योजना भी खराब हो गई। मुंबई की एलफिंस्टन रोड इलाके में भारी बारिश से जलभराव हो गया। यही हाल प्रभादेवी स्थित एनएम जोशी मार्ग का भी रहा। 11 अक्टूबर यानी शुक्रवार को भी मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान लगाया है। मौसम विभाग के मुताबिक महाराष्ट्र के 29 जिलों में शुक्रवार के लिए येलो अलर्ट जारी है। इन जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। 

आईएमडी का कहना है कि मुंबई के पूर्वी उपनगर, नवी मुंबई और रायगढ़ में भी तूफान के साथ बारिश हो सकती है। वहीं अगले दो घंटे के लिए भी मौसम विभाग ने तूफानी हवाओं के साथ बारिश की बौछारों का अनुमान लगाया है। मुंबई में हुई भारी बारिश के बीच आईएमडी ने कई राज्यों में भी ज्यादा भारी वर्षा होने का अनुमान लगाया है। अगले कुछ दिनों के दौरान केरल और तमिलनाडु में भारी से बहुत भारी आरिश हो सकती है। वहीं कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र के घाट क्षेत्र, गुजरात क्षेत्र, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भी बारिश की संभावना जताई जा रही है। 

Share this Article