Google Analytics —— Meta Pixel

राज्य फाइनल: वर्ड पावर चैंपियनशिप -2023

NEWSDESK
3 Min Read

छत्तीसगढ़ के लिए वर्ड पावर चैंपियनशिप (WPC) राज्य फाइनल का आयोजन 11 अप्रैल को न्यू सर्किट हाउस में किया गया। कक्षा-चौथी की राज्य वर्ड पावर चैंपियनशिप के विजेता शासकीय प्राथमिक शाला, जिला-रायगढ़ की कुमारी नंदिनी चौहान, कक्षा-5 वीं की विजेता जिला-धमतरी के मयंक कुमार निषाद और उपविजेता उपासना साहू, कक्षा-4, जिला-रायपुर एवं गरिमा साहू, कक्षा-5वीं, जिला-दुर्ग रहे। प्रतियोगिता के शीर्ष दो विजेताओं को मुंबई में 28 अप्रैल को होने वाली राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा।

राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण संस्थान के संचालक श्री राजेश सिंह राणा ने कार्यक्रम में कहा की ‘वर्ड पावर चैंपियनशिप‘ एक सराहनीय पहल है जो छात्रों की झिझक दूर कर अंग्रेजी भाषा कौशल को प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान करता है। छत्तीसगढ़ में राज्य फाइनल वर्ड पावर चैंपियनशिप प्रतियोगिता काफी रोमांचक एवं आनंददायी रही। शासकीय विद्यालयों के छात्रों ने अपने अंग्रेजी वर्ड पावर से सभी को अचंभित किया। इस तरह की प्रतियोगिताएं न केवल अंग्रेजी भाषा के प्रति छात्रों की रुचि को बढ़ाती है बल्कि छात्रों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को भी प्रोत्साहित करती है। उन्होंने लीपफॉरवर्ड संगठन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा की 28 अप्रैल 2023 को मुंबई में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में छात्रों के प्रदर्शन देखने हेतु तत्पर हैं।

राज्य फाइनल का आयोजन लीपफॉरवर्ड, मुंबई स्थित एक पंजीकृत गैर-लाभकारी संगठन द्वारा निहार शांति पाठशाला फनवाला (एनएसपीएफ) और एससीईआरटी, छत्तीसगढ़ के सहयोग से किया गया। वर्ड पावर चैंपियनशिप एक वार्षिक कार्यक्रम है जो उन छात्रों एवं शिक्षकों की उपलब्धियों का जश्न मनाता है जिन्होंने LeapForWord के अंग्रेजी साक्षरता कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। प्रतियोगिता में सभी जिलों से कक्षा और चौथी और पांचवी के 34,071 बच्चों ने पंजीकरण कराया था। वर्ड पावर चैंपियनशिप हिन्दी माध्यम विद्यालयों के लिए एक महत्वपूर्ण प्रतियोगिता है। वर्ड पावर चैंपियनशिप मंच पर इन विद्यार्थियों अपना असाधारण अंग्रेजी भाषा कौशल का प्रदर्शन किया। राज्य फाइनल में क्लस्टर, ब्लॉक और जिला स्तर के राउंड के बाद, 9 बच्चे इवेंट के स्टेट फिनाले में पहुंचे।

छत्तीसगढ़ के सभी जिलों से कक्षा चौथी और पांचवीं दोनों कक्षाओं हेतु पृथक-पृथक प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। कक्षा चौथी में शब्द के स्पेलिंग एवं रीडिंग एवं कक्षा पाँच स्पेलिंग, रीडिंग एवं मीनिंग से संबन्धित प्रश्न सम्मिलित थे। राज्य फाइनल प्रतियोगिता के विजेता छात्रों को एक सैमसंग टैबलेट, साइकिल और स्कूल किट उपहार स्वरूप प्रदान किया गया। साथ ही उनके स्कूलों को टॉवर स्पीकर और स्पोर्ट्स किट से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उन शिक्षकों को भी प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार दिया जिन्होंने इन छात्रों को इस मुकाम तक पहुंचाने का सराहनीय कार्य किया। इसी प्रकार उपविजेता छात्रों को साइकिल एवं स्कूल किट से पुरस्कृत किया गया तथा उनके विद्यालयों को खेल किट भेंट किया।

Share this Article