Google Analytics —— Meta Pixel

कीव में रूस के ड्रोन हमले से मचा हड़कंप, मेयर ने कीव के विभिन्न हिस्सों में धमाकों की दी सूचना

News Desk
2 Min Read

रूस द्वारा यूक्रेन की राजधानी कीव पर बड़ा ड्रोन हमला करने की खबर सामने आई है। कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने मंगलवार की सुबह चैनल पर इसकी जानकारी दी। कीव के मेयर ने बताया कि राजधानी कीव पर यूएवी (मानव रहित हवाई वाहन) से हमला जारी है। कई स्थानों पर धमाके की आवाज सुनाई दी है। कीव की वायु रक्षा प्रणाली ने कई ड्रोन्स को हवा में ही तबाह कर दिया है। 

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कीव पर हुए ड्रोन्स हमले में 23 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 14 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। इससे पहले खार्कीव में हुए ड्रोन हमले में भी 10 लोग घायल हुए थे। रूस का यह हमला ऐसे वक्त हुआ है, जब हाल ही में यूक्रेन ने रूस पर लंबी दूरी की क्रूज मिसाइलों से हमला किया था। इसके बाद हाल ही में रूस ने यूक्रेन पर 73 ड्रोन्स दागे थे। ये हमले यूक्रेन के कुर्स्क क्षेत्र पर हुए। रूस ने यूक्रेन की तरफ से दागी गईं आठ बैलेस्टिक मिसाइलों को भी तबाह करने का दावा किया है। हालांकि रूस ने इस संबंध में ज्यादा जानकारी नहीं दी है। 

रूस के यूक्रेन के शहर ओडेसा पर हुए हमले में भी 11 लोगों के घायल होने की खबर है। वहीं ब्रिटेन की सरकार ने रूस के टैंकों की शैडो फ्लीट पर कड़े प्रतिबंध लगाने का एलान किया है। रूस की यह फ्लीट तेल निर्यात से जुड़ी है। ब्रिटेन की यह कोशिश रूस को आर्थिक तौर पर कमजोर करने की है। ब्रिटेन ने जी7 देशों की बैठक के बाद प्रतिबंधों का एलान किया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रूस के बढ़ते खतरे को देखते हुए नाटो सदस्य देशों ने अपने रक्षा खर्च को बढ़ाने का फैसला किया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, नाटो देश अब अपनी कुल जीडीपी का 3 फीसदी सेना पर खर्च करेंगे। 

Share this Article