Google Analytics —— Meta Pixel

रविशंकर प्रसाद, संजय निरुपम ने हिंडनबर्ग पर हमला बोला 

News Desk
3 Min Read

नई दिल्ली । केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, ज्योतिरादित्य सिंधिया,  पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद और पूर्व सांसद संजय निरुपम ने हिंडनबर्ग पर हमला बोला है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि ‘हिंडनबर्ग रिसर्च ने कांग्रेस के साथ मिलकर देश को बदनाम किया है और अमेरिकी शोध एवं निवेश कंपनी के खिलाफ ‘सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।  केंद्रीय कपड़ा मंत्री सिंह ने कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी और जयराम रमेश पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘‘राहुल (गांधी) और जयराम रमेश। यह देश को बदनाम करने वाला गिरोह है। हिंडनबर्ग हमें बदनाम करता है। हम राष्ट्र का यह अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे।  ये लोग देश के दुश्मन हैं। अब हिंडनबर्ग के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में पार्टी के इस रुख को दोहराया कि शॉर्ट सेलिंग कंपनी का आरोप और विपक्ष द्वारा बाजार नियामक सेबी की आलोचना एक व्यापक साजिश का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि भारत को वैश्विक स्तर पर एक सुरक्षित, स्थिर और बेहतर बाजार के तौर पर देखा जा रहा है लेकिन कांग्रेस पार्टी ऐसा माहौल बनाना चाहती है कि भारत का निवेश परिदृश्य सुरक्षित नहीं है। 
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि अरबपति निवेशक जॉर्ज सोरोस हिंडनबर्ग में निवेशक हैं और उन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ दुष्प्रचार अभियान चलाने के लिए जाना जाता है।  उन्होंने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि शेयर बाजार धराशायी हो जाए जिसने करोड़ों छोटे निवेशकों को अच्छी आय दी है। उन्होंने कहा, ‘‘लोगों द्वारा खारिज किए जाने के बाद, कांग्रेस, उसके सहयोगियों और टूलकिट गिरोह में उसके सबसे करीबी सहयोगी ने भारत में आर्थिक अराजकता और अस्थिरता लाने के लिए एक साथ साजिश रची है।  प्रसाद ने सवाल किया कि 2004 से 2014 के बीच कांग्रेस के 10 साल के शासन में कई कथित घोटाले हुए और तब इस तरह की आलोचनात्मक रिपोर्ट क्यों नहीं लाई गई?
शिवसेना नेता संजय निरुपम ने हिंडनबर्ग रिपोर्ट को देश के खिलाफ साजिश बताया है। उन्होंने कहा है कि हिंडनबर्ग अमेरिका में स्थित एक वित्तीय संस्थान है। वे विभिन्न शेयर बाजारों में शॉर्ट-सेलिंग का कारोबार करते हैं। यह हमले की साजिश है। भारत की अर्थव्यवस्था को बाधित करने और कमजोर करने की कोशिशें चल रही हैं। हिंडनबर्ग के साथ खड़े लोग भारत की अर्थव्यवस्था को बर्बाद करना चाहते हैं। चाहे कांग्रेस हो या बाकी विपक्ष। ये भारत के खिलाफ साजिश है।  और कांग्रेस इस साजिश के साथ खड़ी है।।।
केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी कांग्रेस पर सेबी की अध्यक्ष माधवी पुरी बुच के खिलाफ हिंडनबर्ग रिसर्च के आरोपों को लेकर अराजकता और विवाद फैलाने का आरोप लगाया है।

Share this Article