Google Analytics —— Meta Pixel

राज्यपाल रमन डेका के मुख्य आतिथ्य में 5 नवंबर को होगा राज्योत्सव कार्यक्रमों का शुभारंभ

News Desk
2 Min Read

छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस राज्योत्सव 2024 के अंतर्गत 5 नवंबर को राज्योत्सव स्थल नवा रायपुर में आयोजित कार्यक्रमों और सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ राज्यपाल रमन डेका दीप प्रज्ज्वलित कर करेंगे। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ राज्योत्सव का शुभारंभ 4 नवंबर को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में हुआ। 6 नवंबर को उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के मुख्य आतिथ्य में राज्य अलंकरण समारोह एवं राज्योत्सव का समापन होगा। राज्योत्सव स्थल पर सभी शासकीय विभागों ने शासकीय योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित भव्य प्रदर्शनी स्टॉल लगाए हैं।

सार्वजनिक उपक्रमों एवं वाणिज्यिक संस्थानों ने भी अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विक्रय के लिए स्टॉल लगाए हैं। राज्योत्सव में शिल्प ग्राम, फूड कोर्ट, शासकीय विभागों की प्रदर्शनी एवं मीना बाजार देखने के लिए हजारों लोग अपने परिवार के साथ पहुंच रहे हैं। राज्योत्सव स्थल की साज-सज्जा बेहद आकर्षक है, जो आगंतुकों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है।

राज्योत्सव में 5 नवंबर को शाम 5 बजे से पुराणिक साहू सांस्कृतिक गंगा, सुरेन्द्र साहू, भोला यादव एवं साथी बैंजो, शहनाई एवं बांसुरी के माध्यम से लोकधुन प्रस्तुत करेंगे। शाम 6 बजे मोहन नायडू एवं उनके साथियों द्वारा द मून लाइट राग की प्रस्तुति के बाद राजेश अवस्थी का गायन, अरू साहू द्वारा छत्तीसगढ़ी लोकगीत की प्रस्तुति एवं रात्रि 8.30 बजे से सुप्रसिद्ध पार्श्व गायिका नीति मोहन की प्रस्तुति होगी.

इस अवसर पर कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, मंत्री रामविचार नेताम, दयाल दास बघेल, केदार कश्यप, लखनलाल देवांगन, श्याम बिहारी जायसवाल, ओपी चौधरी, लक्ष्मी राजवाड़े एवं टंकराम वर्मा, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत, पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, गुरु खुशवंत साहेब, इंद्र कुमार साहू एवं अन्य जनप्रतिनिधि होंगे.

Share this Article