Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर दक्षिण उपचुनाव परिणाम: कांग्रेस नहीं तोड़ पाई भाजपा का किला, सुनील सोनी 46167 वोटों से जीते

News Desk
2 Min Read

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रायपुर दक्षिण उपचुनाव में भाजपा के सुनील सोनी ने जीत दर्ज की है। सुनील सोनी ने कांग्रेस के आकाश शर्मा को 46,167 वोटों से हराया है। 19 राउंड की मतगणना के बाद भाजपा को 89,220 वोट मिले, जबकि कांग्रेस को 43,053 वोट मिले। जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। भाजपा नेताओं ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में भाजपा की जीत का जश्न मनाया।

दूसरी ओर, नतीजों से पहले ही कांग्रेस खेमे में सन्नाटा पसर गया था। शुरुआती रुझानों के बाद प्रदेश कांग्रेस कार्यालय और जिला कांग्रेस कार्यालय में पूरी तरह सन्नाटा पसरा हुआ है। आकाश शर्मा कांग्रेस की उम्मीद से भी पीछे रह गए हैं। कांग्रेस ने इस उपचुनाव के लिए अपनी जबरदस्त ताकत लगाई थी। कांग्रेस ने कहा कि ये नतीजे हमारे मन मुताबिक नहीं आए हैं लेकिन हमें जनता का फैसला स्वीकार है। बड़ी बात यह है कि महापौर एजाज ढेबर और प्रमोद दुबे के वार्ड में भी भाजपा को बढ़त मिली है। भाजपा में जहां जश्न का माहौल है, वहीं कांग्रेस भवन में सन्नाटा पसरा हुआ है।

दक्षिण उपचुनाव में जीत पर सुनील सोनी ने कहा कि जनता ने भाजपा पर भरोसा किया है, विकास के नाम पर भरोसा किया है। पार्टी को जनता का आशीर्वाद मिला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस झूठ बोलकर और भ्रम फैलाकर राजनीति करती है, जनता ने इसका जवाब दिया है।

हर राउंड में पिछड़ता गया कांग्रेस प्रत्याशी

रायपुर दक्षिण विधानसभा सीट भाजपा का गढ़ है। इस सीट पर भाजपा ने पूर्व सांसद सुनील सोनी को टिकट दिया था, जबकि कांग्रेस ने युवा चेहरे आकाश शर्मा पर दांव लगाया था। 19 राउंड में वोटों की गिनती पूरी हुई। किसी भी राउंड में कांग्रेस प्रत्याशी भाजपा प्रत्याशी से आगे नहीं रहा।

Share this Article