Google Analytics —— Meta Pixel

राहुल और प्रियंका ने की पार्टी कार्यकर्ताओं से राहत कार्य में सहयोग की अपील

News Desk
2 Min Read

नई दिल्ली। तमिलनाडु में चक्रवात फेंगल के कारण भारी बारिश और भूस्खलन ने काफी तबाही मचा रखी है। इस प्राकृतिक आपदा के दौरान एक परिवार के सात सदस्य मलबे में दब गए, जिसके बाद एनडीआरएफ और जिला प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया है।नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, तमिलनाडु में चक्रवात फेंगल की विनाशकारी खबर मिली है। इस त्रासदी में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ भी हैं जिन्होंने अपने घर और संपत्ति को खोया है। मैं राज्य के सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं कि वे प्रशासन के साथ मिलकर राहत कार्यों में मदद करें।

चक्रवात फेंगल के कारण हुई तबाही से मैं बहुत दुखी
इसी तरह वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी एक पोस्ट में इस त्रासदी पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, कि चक्रवात फेंगल के कारण हुई तबाही से मैं बहुत दुखी हूं। मेरी प्रार्थनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया और जो कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। मैं सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील करती हूं कि वे इस कठिन समय में प्रशासन के साथ मिलकर राहत और सहायता प्रदान करें। यहां बताते चलें कि सोमवार को चक्रवात फेंगल के कारण तमिलनाडु के कई क्षेत्रों में भारी बारिश हुई, जिसके परिणामस्वरूप कृष्णागिरी जिले में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। उथांगरई तालुका में विशेष रूप से भारी बाढ़ आई, जिससे कई बसें पानी के तेज बहाव में फंस गईं। इस आपदा के मद्देनजर स्कूल और कॉलेज बंद करने का भी निर्णय लिया गया है। 

Share this Article