Google Analytics —— Meta Pixel

अब हम कहीं नहीं जाएंगे, भाजपा के साथ मिलकर काम करेंगे : सीएम नीतीश कुमार 

News Desk
2 Min Read

कैमूर। मेरी पार्टी की गलती की वजह से हम दूसरी ओर चले गए थे। अब कहीं नहीं जाएंगे। बीजेपी के साथ मिलकर काम करते रहेंगे। यह बात बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कैमूर के रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी अशोक सिंह के लिए वोट मांगते हुए कही। उन्होंने कहा कि 2005 से पहले बिहार में लोग घरों से बाहर नहीं निकलते थे। अब देख लीजिए। सब कुछ बदल गया है। पिछले चुनाव 2020 में 10 लाख नौकरी देने का वादा किया था। लगातार नौकरी दे रहे हैं। नियोजित शिक्षक नियमित शिक्षक बन गए। पंचायती राज संस्था और नगर निकाय में महिलाओं की भागीदारी 50 प्रतिशत कर दी। बिहार पुलिस में 35 फीसदी महिलाओं को आरक्षण दिया है। उन्होंने कहा कि गांव- गांव की महिलाओं को विश्व बैंक से लोन लेकर समूह बनाया। आज दस लाख सहायता समूह हैं। एक करोड़ जीविका दीदी हैं। हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है। मंदिरों के साथ कब्रिस्तानों की घेराबंदी की। 

उपचुनाव में जेडीयू की खास तैयारी
बिहार विधानसभा उपचुनाव को लेकर जेडीयू की ओर से खास तैयारी की गई है। नीतीश कुमार लगातार दो दिनों तक सभी चारों सीट पर एनडीए प्रत्याशी के समर्थन में चुनावी सभा करेंगे। इस दौरान नीतीश कुमार के साथ पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा और जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी सभा में एक- एक दिन मौजूद रहेंगे। 10 नवंबर को मुख्यमंत्री दो अन्य विधानसभा सीटों का दौरा करेंगे। उनकी पहली सभा इमामगंज विधानसभा क्षेत्र में होगी। इस सीट पर जीतन राम मांझी विधायक थे। उनके सांसद बनने के बाद ये सीट खाली हुई है। यहां हो रहे उपचुनाव में मांझी की बहू दीपा मांझी चुनाव लड़ रही हैं। 

Share this Article