Google Analytics —— Meta Pixel

धौरपुर में 4.49 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा नवीन शासकीय महाविद्यालय भवन, लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने किया भूमि पूजन एवं शिलान्यास….

News Desk
2 Min Read

रायपुर: सरगुजा जिले के विकासखंड लुण्ड्रा अंतर्गत ग्राम धौरपुर में 4 करोड़ 49 लाख 45 हजार रुपये की लागत से निर्मित होने वाले नवीन शासकीय महाविद्यालय भवन का भूमि पूजन एवं शिलान्यास समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लुण्ड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक श्री मिंज द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना एवं भूमि पूजन के साथ किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य श्री युगल किशोर कुजूर सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।

अपने संबोधन में विधायक श्री मिंज ने कहा कि नवीन महाविद्यालय भवन का निर्माण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा के नए अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि यह भवन केवल एक आधारभूत संरचना नहीं, बल्कि क्षेत्र के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थी अपने सपनों को साकार कर सकेंगे और समाज व राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

धौरपुर में 4.49 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा नवीन शासकीय महाविद्यालय भवन

उन्होंने बताया कि भवन में आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं के साथ प्रयोगशाला, पुस्तकालय, स्मार्ट कक्षाएं तथा छात्राओं के लिए पृथक शौचालय जैसी व्यवस्थाएं उपलब्ध होंगी। इससे धौरपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूरस्थ स्थानों पर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

विधायक ने शिक्षकों से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने का आग्रह करते हुए ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों से महाविद्यालय परिसर की स्वच्छता, सुरक्षा एवं हरित वातावरण बनाए रखने में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरूपा सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री देवनारायण यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

Share this Article