Google Analytics —— Meta Pixel

मुंबई हिट एंड रन केस: आरोपी मिहिर के पिता को शिवसेना ने पद से हटाया

News Desk
3 Min Read

महाराष्ट्र में मुंबई के वर्ली में हिट एंड रन मामले ने अब राजनीतिक मोड़ ले लिया है। कांग्रेस और शिवसेना (यूबीटी) ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की सरकार पर आरोपी को बचाने और इस मामले को दबाने का आरोप लगाया। इस मामले के मुख्य आरोपी मिहिर शाह के पिता राजेश शाह एकनाथ शिंदे की शिवसेना में पदस्थ नेता थे। इस घटना के बाद बुधवार को शिवसेना ने इस मामले में एक बड़ा फैसला लेते हुए राजेश शाह को पार्टी के उपनेता पद से हटा दिया। सीएम शिंदे के आदेश के बाद ही उन्हें पद से हटाया गया है। इस मामले में शिवसेना (यूबीटी) नेता उद्धव ठाकरे ने पीड़ित महिला कावेरी नखवा के पति प्रदीप नखवा से मुलाकात की। इस बीच सरकार ने पीड़ित के लिए 10 लाख रुपये के मुआवजे का भी एलान किया है। 

क्या है मामला?

मुंबई के वर्ली इलाके में रविवार को एक तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार ने एक स्कूटर को टक्कर मार दी थी। इस घटना में एक महिला की मौत हो गई। कार मिहिर शाह चला रहा था। पुलिस को शक है कि मिहिर घटना के समय नशे में था। आरोपी अभी फरार है। उसे ढूंढने के लिए लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया गया है। पुलिस ने बताया कि मिहिर शाह ने घटना वाली रात जुहू के एक बार में शराब पी थी। घर जाते समय उसने चालक से उसे लॉन्ग ड्राइव पर ले जाने को कहा। कार वर्ली आई तो मिहिर ने जोर देकर कहा कि वाहन को वह चलाएगा। इसके बाद तेज रफ्तार कार ने कुछ देर बाद एक दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी। दोपहिया वाहन पर कावेरी नखवा और उनके पति प्रदीप नखवा सवार थे। जो वर्ली के कोलीवाड़ा इलाके के निवासी थे। दंपती मछुआरा समुदाय से थे। सुबह जब वे दोपहिया वाहन से काम पर जा रहे थे, तभी बीएमडब्ल्यू कार उनके वाहन से टकरा गई। इसके बाद दोनों हवा में उछल गए। कार का बोनट क्षतिग्रस्त हुआ। इसके बाद कार ने कावेरी को कुचल दिया। फिर आरोपी मौके से फरार हो गए। महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उनके पति प्रदीप को मामूली चोटें आई थीं।

Share this Article