Google Analytics —— Meta Pixel

Mukesh Ambani threat: 8 बार कॉल, मुंबई पुलिस ने किया गिरफ्तार, जानें अंबानी को धमकी देने वाला शख्स विष्णु कौन

NEWSDESK
4 Min Read

Mumbai news: मुंबई पुलिस ने बताया कि सूचना मिलते ही सबसे पहले एहतियात के तौर पर अंबानी के आवास एंटीलिया में भी परिवार की निजी सुरक्षा व्यवस्था के साथ सुरक्षा कड़ी कर दी गई। बमुश्किल 18 महीनों में यह दूसरी बार है जब अंबानी परिवार को निशाना बनाया गया है।

मुंबई: स्वतंत्रता दिवस पर अलर्ट मुंबई पुलिस में उस समय हड़कंप मच गया जब अंबानी परिवार को जान से मारने की धमकी मिली। एक अज्ञात व्यक्ति ने सोमवार को रिलायंस हॉस्पिटल में फोन किया और उद्योगपति मुकेश अंबानी के परिवार को मारने की धमकी दी। पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया और तुरंत धमकी देने वाले की तलाश में जुट गई, यह दूसरी बार है जब अंबानी के परिवार को मारने की धमकी दी गई। कुछ ही देर में पुलिस ने धमकी देने वाले एक शख्स को गिरफ्तार कर लिया। विष्णु भूमिक नाम का यह शख्स मानसिक विक्षिप्त बताया जा रहा है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी व्यक्ति ने गिरगांव इलाके में स्थित रिलायंस फाउंडेशन हॉस्पिटल में सुबह करीब साढ़े 10 बजे लैंडलाइन नंबर पर 8 बार फोन किया। फोन पर धमकी दिए जाने की सूचना मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी।

MHB कॉलोनी के पास से पकड़ा
मुंबई पुलिस ने अरबपति कारोबारी अंबानी और उनके परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी देने के मामले में विष्णु भूमिक को उठाया। बताया जा रहा है कि मुंबई क्राइम ब्रांच जिस शख्स को पकडा है वह बोरीवली एमएचबी कॉलोनी के पास से गिरफ्तार हुआ है।

विष्णु भूमिक पर कई केस
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की उम्र लगभग 55-57 साल है। शख्स अपने आप को दहिसर का रहने वाला बता रहा हैं। बातचीत में वह सिरफिरा लग रहा है। उसका नाम विष्णु भूमिक है। जांच में सामने आया है कि उसके ऊपर पहले भी कई केस दर्ज हैं।

एक के बाद एक, 8 बार की कॉल
जिस अस्पताल में फोन करके अंबानी को धमकी दी गई उसकी सीईओ डॉ. तरंग ज्ञानचंदानी ने बताया, ‘हमें एक के बाद एक आठ कॉल आए, किसी अज्ञात व्यक्ति ने हमारे चेयरमैन मुकेश अंबानी को जान से मारने की धमकी दी। हमने तुरंत पुलिस से शिकायत की।’

बढ़ाई गई एंटीलिया की सुरक्षा
पुलिस ने बताया कि सूचना मिलते ही सबसे पहले एहतियात के तौर पर अंबानी के आवास एंटीलिया में भी परिवार की निजी सुरक्षा व्यवस्था के साथ सुरक्षा कड़ी कर दी गई। बमुश्किल 18 महीनों में यह दूसरी बार है जब अंबानी परिवार को निशाना बनाया गया है। इससे पहले फरवरी 2021 में जब 20 जिलेटिन की छड़ें और एक धमकी नोट के साथ एक एसयूवी परिवार के घर एंटीलिया के पास छोड़ी गई थी।

एंटीलिया के पास जिलेटिन मामले में कई सेवारत या सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के साथ बड़े पैमाने पर राष्ट्रीय हंगामा किया। एसयूवी मालिक मनसुख हिरन को बाद में ठाणे में मृत पाया गया और एक राजनीतिक उथल-पुथल ने पूर्व मुख्यमंत्री के नेतृत्व वाले पूर्व महा विकास अघाड़ी के कार्यकाल के दौरान कई महीनों तक राज्य को हिलाकर रख दिया था।

Share this Article