Google Analytics —— Meta Pixel

आज बस्तर संभाग में मानसून पहुंच सकता है, गिरेगा पारा, छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बारिश का अलर्ट

News Desk
2 Min Read

प्रदेश में दक्षिण पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। मौसम विभाग के अनुसार आज को बस्तर संभाग में मानसून पहुंच सकता है और इसके बाद बड़ी तेजी से प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी मानसून बढ़ेगा। साथ ही बुधवार से अधिकतम तापमान में भी गिरावट का दौर शुरू होगा और पारा तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरेगा। सोमवार को प्रदेशभर में बलरामपुर सबसे गर्म रहा। एडब्ल्यूएस बलरामपुर का अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कई क्षेत्रों में हल्की बारिश

रायपुर सहित प्रदेशभर में सोमवार सुबह से ही आंशिक रूप से बादल छाने के साथ ही ठंडी हवा भी चली। हालांकि दोपहर को धूप भी निकली और अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ज्यादा रहा। आने वाले दिनों में हल्की बारिश के साथ ही अधिकतम तापमान में गिरावट का दौर शुरू होने की संभावना है।

सोमवार को बीजापुर, बस्तानार, लोहांडीगुड़ा, लैलूंगा सहित कई क्षेत्रों में हल्की बारिश भी हुई।  रायपुर का अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29.5 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.7 डिग्री ज्यादा रहा।

मंगलवार को मानसून सक्रिय होने की उम्मीद

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि मानसून को आगे बढ़ने के लिए परिस्थिति अनुकूल है। ऐसे में अगले चार से पांच दिनों में मानसून प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी फैलेगा। मंगलवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं, साथ ही कुछ क्षेत्रों में अंधड़ के साथ बिजली भी गिर सकती है। उन्होंने बताया कि साथ ही मंगलवार को मानसून बस्तर संभाग के अन्य क्षेत्रों में भी सक्रिय होने की उम्मीद है।

Share this Article