Google Analytics —— Meta Pixel

बिहार में मानसून 3-4 दिनों के लिए आगे बढ़ा, 20 जिलों में लू की स्थिति रहेगी

News Desk
3 Min Read

पटना । बिहार में मानसून आने में अभी समय है। क्योंकि बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र फिर कमजोर हो गया है लिहाजा मानसून 3-4 दिनों के लिए आगे बढ़ गया है। इससे पहले 2019 में भी मानसून लेट हुआ था। ऐसे में पटना समेत बिहार के करीब 20 जिलों में लू की स्थिति  रहेगी।
मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश के 9 जिलों में लू को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इसमें पटना, जहानाबाद, नालंदा, गया, शेखपुरा, जमुई, सारण, सीवान और नवादा शामिल हैं। इसके अलावा राज्य के उत्तर-पश्चिम व उत्तर-मध्य एवं दक्षिण भाग के एक या 2 स्थानों पर गर्म और आर्द्र दिन रहने की संभावना है। बीते 24 घंटे में पटना समेत 16 जिलों का तापमान 40 डिग्री से अधिक रहा है। इनमें 8 जिलों का तापमान 45 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया। 46 डिग्री तापमान के साथ बक्सर लगातार चौथे दिन भी सबसे गर्म रहा। जब तक पछुआ हवा कमजोर नहीं होगी और पुरवैया हवा नहीं चलेगी। तब तक ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 दिनों तक गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है। वहीं शनिवार को पटना का अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री दर्ज किया गया। यह इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। इससे पहले 8 जून को पटना का अधिकतम तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया था। पटना का ऑल टाइम रिकार्ड 9 जून 1966 को 46.6 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं गर्मी के कारण 5 जिले में 13 लोगों के मौत की सूचना है। शनिवार को औरंगाबाद में सर्वाधिक 5 लोगों की मौत हो गई। वहीं सारण और गया जिले में तीन-तीन और रोहतास व भोजपुर जिले में एक-एक की मौत हुई है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है। 2019 में मानसून बिहार में देरी से 21 जून को पहुंचा था लेकिन इस वर्ष औसत से 34 फीसदी अधिक 1363 एमएम बारिश दर्ज की गई थी। उस साल पटना में सितंबर के आखिरी हफ्ते में इतनी बारिश हुई थी कि राजेंद्र नगर समेत कई इलाके डूब गए थे।

Share this Article