Google Analytics —— Meta Pixel

Jagdish Devda: आठ बार के विधायक जगदीश देवड़ा संभालेंगे MP डिप्टी सीएम की कुर्सी; जानिए क्या है उनकी कहानी?

NEWSDESK
2 Min Read

MP Deputy CM Jagdish Devda: रामपुरा क्षेत्र से आने वाले जगदीश देवड़ा को मप्र का डिप्टी सीएम बनाया गया है। देवड़ा मल्हारगढ़ विधानसभा सीट से आठ बार से विधायक हैं और अब प्रदेश डिप्टी सीएम होंगे। आइए, उनके बारे में विस्तार से जानते हैं…

भाजपा विधायक की बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम के साथ-साथ अन्य लोगों की जिम्मेदारी भी तय कर दी गई है।  मुख्यमंत्री के तौर पर डॉ. मोहन यादव का नाम तय होने के साथ-साथ जगदीश देवड़ा को प्रदेश के नए उपमुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जगदीश देवड़ा नीमच जिले के रामपुरा के रहने वाले हैं। उनका जन्म 01 जुलाई,1957 को नीमच जिले के रामपुरा में हुआ था। उनके पिता का नाम गेंदालाल देवड़ा हैं। जगदीश देवड़ा की पत्नी का नाम रेणु देवड़ा हैं, जिनसे दो पुत्र हैं। देवड़ा ने एम.ए. और एल-एल.बी की डिग्री हासिल की है। देवड़ा मल्हारगढ़ विधानसभा सीट से विधायक हैं। देवड़ा लगातार आठवीं बार जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं।

राजनीति में अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निभाया
दलित चेहरे के रूप में जगदीश देवड़ा को मध्य प्रदेश का उप मुख्यमंत्री बनाया गया है। जगदीश देवड़ा वर्तमान में शिवराज सरकार में वित्त मंत्री का जिम्मा संभाल रहे थे। शिवराज सरकार रही हो या 2003 में उमा भारती सरकार सभी में देवड़ा ने अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निभाया है। वे परिवहन, गृह, श्रम, जेल जैसे बड़े मंत्रालय संभाल चुके हैं। इसके अलावा देवड़ा वित्त मंत्री का प्रभार भी संभाल चुके हैं। इस बार चुनाव में जगदीश देवड़ा ने 59024 वोटों से जीत हासिल की है। उन्होंने निर्दलीय विधायक श्यामलाल जोकचंद को हराया है।

विवादों से रहे दूर
जगदीश देवड़ा 66 साल की उम्र में अपने शांत स्वभाव के लिए जाने जाते हैं। साथ ही राजनीतिक दृष्टिकोण से देखा जाए तो वे मध्य प्रदेश भाजपा के कद्दावर नेताओं में शुमार किए जाते हैं। देवड़ा का अब तक करियर बेदाग रहा है। कहा जा सकता है कि विवादों से उनका दूर-दूर तक नाता नहीं रहा है।

Share this Article