Google Analytics —— Meta Pixel

IPL Purple Cap: जिसने बुमराह से पर्पल कैप छीनी, वह टी20 वर्ल्ड कप टीम तो छोड़िए रिजर्व प्लेयर्स में भी नहीं…

NEWSDESK
4 Min Read

IPL Purple Cap: भारतीय चयनकर्ताओं ने उस गेंदबाज को टी20 वर्ल्ड कप टीम तो दूर, रिजर्व खिलाड़ियों में भी शामिल नहीं किया है, जिसके नाम आईपीएल 2024 की पर्पल कैप है. इस खिलाड़ी ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के खिलाफ 3 विकेट लेकर जसप्रीत बुमराह से पर्पल कैप छीनी.

नई दिल्ली. जिस गेंदबाज ने आईपीएल 2024 में सबसे अधिक विकेट झटके हैं और जसप्रीत बुमराह से पर्पल कैप छीनी है, वह भारत की टी20 वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा नहीं है. टी20 वर्ल्ड कप टीम तो दूर, भारतीय चयनकर्ताओं ने उसे रिजर्व खिलाड़ियों में भी शामिल नहीं किया है. इसके बावजूद हर्षल पटेल का जोश कम नहीं हुआ है. पंजाब किंग्स का इस गेंदबाज ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के 3 विकेट झटके और खुद को पर्पल कैप की लिस्ट में पहले नंबर पर पहुंचा दिया.

आईपीएल 2024 में गुरुवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और पंजाब किंग्स का मुकाबला हुआ. पंजाब किंग्स की टीम को इस मुकाबले में 60 रन से शिकस्त का सामना करना पड़ा. गेंदबाजी में हर्षल पटेल और बल्लेबाजी में राइली रॉसो ने ही पंजाब के लिए अच्छा प्रदर्शन किया. बाकी सभी ने निराश किया.

हर्षल पटेल ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के खिलाफ 4 ओवर के अपने स्पेल में 38 रन देकर 3 विकेट झटके. उनका सबसे खास ओवर पारी का सबसे आखिरी ओवर ही रहा. इस ओवर की जब शुरुआत हुई तो बेंगलुरू ने 4 विकेट पर 238 रन बना लिए थे. लग रहा था कि वह अपने स्कोर को 255 तक आसानी से पहुंचा देगी. लेकिन 255 तो छोड़िए 245 रन भी नहीं बने. हर्षल पटेल ने अपने इस ओवर में सिर्फ 3 रन दिए और 3 विकेट भी झटके. इस तरह उनकी शानदार गेंदबाजी की बदौलत बेंगलुरू 241 रन ही बना पाई.

ऑरेंज कैप की बात करें तो विराट कोहली इस लिस्ट में अपना दबदबा बनाए हुए हैं. विराट कोहली ने टूर्नामेंट में 12 मैच में 634 रन बनाए हैं. वे एकमात्र बैटर हैं, जिसके नाम टूर्नामेंट में 600 से ज्यादा रन हैं. चेन्नई सुपरकिंग्स के ऋतुराज गायकवाड़ (541) ऑरेंज कैप की लिस्ट में विराट के बाद दूसरे नंबर पर है. ट्रैविस हेड (533) तीसरे, संजू सैमसन (471) चौथे और सुनील नरेन (461) पांचवें नंबर पर हैं.

भारतीय टीम (टी20 वर्ल्ड कप): रोहित शर्मा (कप्तान), हार्दिक पंड्या, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, शिवम दुबे, संजू सैमसन, ऋषभ पंत, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह. रिजर्व खिलाड़ी: शुभमन गिल, रिंकू सिंह, खलील अहमद और आवेश खान.

हर्षल पटेल ने आरसीबी के खिलाफ अपने आखिरी ओवर में दिनेश कार्तिक, महिपाल लोमरोर और कैमरन ग्रीन को आउट किया. इसके साथ ही आईपीएल में उनके कुल 20 विकेट हो गए. हर्षल पटेल ने महिपाल को आउट करते ही जसप्रीत बुमराह से पर्पल कैप भी छीन ली, जिनके नाम 18 विकेट हैं. पर्पल कैप की लिस्ट में वरुण चक्रवर्ती (16), अर्शदीप सिंह (16), और (मुकेश कुमार (15) क्रमश: तीसरे, चौथे और पांचवें नंबर पर हैं.

Share this Article