Google Analytics —— Meta Pixel

दिल्ली में मानसून का प्रभाव कब तक रहेगा? IMD ने पहाड़ों से मैदानी राज्यों तक बारिश का अलर्ट दिया

News Desk
3 Min Read

देश के कई राज्यों में मानसून सक्रिय है। सितंबर का पहला पखवाड़ा बीत चुका है, यह समय मानसून की विदाई का होता है लेकिन पहाड़ों से ले​कर उत्तर और मध्य भारत के मैदानी इलाकों के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है। इसी बीच मौसम विभाग ने दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र सहित पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड से लेकर राजस्थान, यूपी समेत कई राज्यों में झमाझम बारिश का अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

राजधानी दिल्ली-एनसीआर में मानसून सक्रिय है।  राजधानी के लोगों को सितंबर महीने में ही नवंबर महीने की ठंड का एहसास होने लगा है। दिल्ली एनसीआर में आज भी बादल छाए रहेंगे और बारिश की संभावना है। वहीं 15 सितंबर से लेकर 17 सितंबर तक आसमान में बादल छाए रहेंगे। 18 सितंबर को दिल्ली में गरज के साथ बारिश के आसार हैं। 

प्रमुख सड़कों और अंडरपास में पानी भर जाने के कारण कई जगह ट्रैफिक जाम लग गया। इस कारण लोगों को बड़ी मुसीबत का सामना करना पड़ा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि जलभराव से धौलाकुआं से महिपालपुर की ओर जाने वाले एनएच-48 पर यातायात प्रभावित हुआ है। मदनपुर खादर लाल बत्ती के पास जलभराव के कारण आश्रम से बदरपुर की ओर जाने वाले कैरिजवे पर ट्रैफिक प्रभावित है।

एमपी, यूपी से ओडिशा तक बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, कोंकण, गोवा, छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा में कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।राजस्थान में बारिश के कारण भरतपुर शहर की सुजान गंगा नहर ओवरफ्लो हो गई। इससे नहर का पानी सड़कों पर आने लगा।

पूर्वोत्तर राज्यों और पूर्वी तटीय राज्यों में भी मानसून एक्टिव

हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश में कई जगहों पर भारी बारिश संभव है। मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल में एक दो जगहों में मध्यम बारिश हो सकती है। वैसे भी देश के कई हिस्सों में मॉनसून बेहद एक्टिव है। इसी के चलते बारिश का दौर थमता नहीं दिख रहा।

Share this Article