Google Analytics —— Meta Pixel

गोविंदपुर गांव में 3 बच्चों की मां का शव फांसी के फंदे में लटका मिला 

News Desk
2 Min Read

भागलपुर । बिहार में भागलपुर के मधुसुदनपुर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव में 3 बच्चों की मां का शव फांसी के फंदे में लटका मिला है। इससे कुछ दिन पहले वह अपने ही भतीजे के साथ घर छोड़कर भाग गई थी। बाद में अपने पति के साथ घर वापस लौट आई, लेकिन गांव वालों के तानों से काफी परेशान थी।
इस घटना की शुरुआत 9 जुलाई को हुई जब 3 बच्चों की मां खुशबू अपने पति संजय दास को छोड़कर रिश्ते के भतीजे सुदर्शन के साथ फरार हो गई थी। बाद में उसने अपने रिश्तेदारों को फोन करके बताया कि उसका अपहरण हो गया है। उसने बताया कि जब वो खेत पर गई थी तो तीन-चार लोगों ने मिलकर उसका अपहरण कर लिया था। महिला ने नवगछिया स्थित तेतरी दुर्गा मंदिर पहुंचकर अपने घर वालों को इसकी जानकारी दी। महिला खुशबू से जानकारी मिलने पर पुलिस और उसका पति संजय दास तुरंत नवगछिया पहुंचे। बाद में थाने में दोनों पक्षों के बीच समझौता और खुशबू अपने पति और बच्चों के साथ वापस घर आ गई। हालांकि गांव वापस आने के बाद खुशबू और उसके पति को ग्रामीणों के तानों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने दोनों को काफी खरी-खोटी सुनाई। जिसके बाद रविवार की सुबह खुशबू का शव घर में फांसी के फंदे से लटका मिला है। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों कोणों से मामले की जांच कर रही है। 

Share this Article