Google Analytics —— Meta Pixel

झारखंड में 6 जिलों में बारिश का खतरा, स्वर्णरेखा और खरकई नदियों के उफान की आशंका

News Desk
4 Min Read

झारखंड के कई जिलों में आज भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक 6 जिलों में आज गरज के साथ बारिश होगी। लोगों को खुले में जाने से बचने की चेतावनी दी गई है।

झारखंड के इन 6 जिलों में भारी बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को राज्य के पश्चिमी और दक्षिणी भागों (पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां व सिमडेगा) में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है। इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं राजधानी रांची में भी भारी बारिश के आसार हैं।

जमशेदपुर में भी झमाझम बारिश, कई सड़कें हुईं जलमग्न

जमशेदपुर शहर में झमाझम वर्षा हो रही है। लगातार वर्षा होने से बुधवार को मानगो, साकची, जुगसलाई, बर्मामाइंस, बिष्टुपुर सहित अन्य क्षेत्रों के प्रमुख सड़कें जलमग्न हो गई है। जुगसलाई ओवर ब्रिज और साकची एमजीएम अस्पताल गोलचक्कर के समीप घुटने भर पानी भर गया।

इससे लोगों को काफी परेशानी हुई और वाहनों की लंबी कतार लग गई। एमजीएम के मुख्य गेट पर जाम में एक एंबुलेंस फंस गई। सुरक्षाकर्मियों ने किसी तरह से एंबुलेंस को निकाला। तीन बजे के आसपास 40 मिनट तक यहां वाहनों की लंबी कतारें लगी रही। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को शहर में 45 एमएम वर्षा दर्ज की गई। इससे नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।

डेंजर जोन में स्वर्णरेखा व खरकई नदी

स्वर्णरेखा व खरकई नदी डेंजर लेबल के करीब पहुंच गई हैं। इसे देखते हुए जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क किया गया है। वहीं, बिजली विभाग ने भी अलर्ट जारी किया है। बिजली विभाग ने कहा है कि शहर में लगातार वर्षा हो रही है।

ऐसे में बिजली जनित हादसे से बचने के लिए विशेष रूप से सतर्क होने की जरूरत है। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री व न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, गुरुवार को भी शहर में हल्की वर्षा हो सकती है।

बीते 24 घंटे का मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटे में राज्य में लगभग सभी स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा हुई। जबकि राज्य में कहीं-कहीं पर भारी वर्षा दर्ज की गई। राज्य में मानसून गतिविधि सक्रिय रही। सबसे अधिक वर्षा 172.5 एमएम बोकारो के पेटरबर में दर्ज किया गया। वहीं, सबसे अधिक तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस सरायकेला में दर्ज किया गया।

जिले में अबतक 417.3 एमएम दर्ज की गई वर्षा

मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी सिंहभूम जिले में अभी भी वर्षा सामान्य से कम हुई है। जिले का वास्तविक वर्षापात 417.3 एमएम रहा है। जबकि सामान्य वर्षापात 629.3 एमएम है। यानी 212 एमएम कम वर्षा हुई है। इसी तरह, पश्चिमी सिंहभूम व सरायकेला-खरसावां जिले में भी वर्षा सामान्य से कम हुई है।

बिजली विभाग ने लोगों को किया सतर्क

 बिजली के खंभों से वर्षा के समय बचे और मवेशियों को ना बांधे।
 बिजली लाइन के नीचे कार्यक्रम नहीं करे।
 नए भवनों से बिजली लाइनों की उचित दूरी बनाए रखें।
 खेत की मेड़ पर यदि बिजली खंभा लगा है तो उचित दूरी रख कर ही जुताई करे।
 बिजली खंभे पर यदि स्पार्किंग हो रही हैं तो तुरंत अपने फीडर इंचार्ज (लाइनमैन), जेई, ऐइ, संबंधित सब स्टेशन पर सूचना दें।
 

Share this Article