Google Analytics —— Meta Pixel

महाराष्ट्र में  सीएम पद के लिए भाजपा-शिंदे सेना में फंसा पेंच, भाजपा ऑब्जर्वरों को मुंबई भेजेगी

News Desk
2 Min Read

मुंबई ।  महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव में भाजपा की अगुवाई वाले महायुति को प्रचंड बहुमत मिलने के 3 दिन बाद भी मुख्यमंत्री का नाम फाइनल नहीं हो पा रहा है। माना जा रहा है कि सबसे ज्यादा सीटें पाने के नाते भाजपा से ही कोई मुख्यमंत्री बनेगा। सीएम  के लिए देवेंद्र फडणवीस की सबसे मजबूत दावेदारी मानी जा रही है, लेकिन एकनाथ शिंदे को ये मंजूर नहीं है। लिहाजा महायुति की ओर से मुख्यमंत्री के नाम पर फाइनल मुहर नहीं लग पाई है। सूत्रों के मुताबिक भाजपा जल्द ही ऑब्जर्वरों को मुंबई भेजेगी। 

नए मुख्यमंत्री के शपथ की तारीख तय नहीं 
उधर, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात कर उन्हें अपना इस्तीफा सौंप दिया। इस दौरान डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार भी मौजूद थे। महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर तक ही है। नए मुख्यमंत्री के शपथ की तारीख तय नहीं है। लिहाजा तब तक शिंदे ही कार्यवाहक सीएम रहेंगे। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, प्रचंड जनादेश को देखते हुए वरिष्ठ मंत्री और पार्टी नेताओं को ऑब्जर्वर बनाया जाएगा, ताकि बड़ा राजनीतिक संदेश दिया जा सके। इसके बाद ऑब्जर्वरों की मौजूदगी में मुंबई में भाजपा विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें विधायकों से चर्चा कर नेता का चयन होगा। नंबर के हिसाब से भाजपा आश्वस्त है कि देवेंद्र फडणवीस ही मुख्यमंत्री बनेंगे, लेकिन उनके नेताओं का कहना है कि फैसला दिल्ली में होगा। 

Share this Article