Google Analytics —— Meta Pixel

बेगूसराय में विस्फोटक सामग्री के साथ सेना का जवान गिरफ्तार, मच हड़कंप 

News Desk
2 Min Read

बेगूसराय पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। जहां पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गई है। हालांकि बताया जा रहा है कि युवक सेना का जवान है। पुलिस उस युवक से पूछताछ कर रही है। बेगूसराय पुलिस को यह सफलता गुप्त सूचना के आधार पर लोहिया नगर थाना पुलिस की मदद से लोहिया नगर रेलवे ओवर ब्रिज के पास मिली है।

जानकारी के मुताबिक, पकड़े गए युवक की पहचान मटिहानी थानाक्षेत्र के खोरमपुर चकोर निवासी सिकंदर यादव के बेटे राज किशोर कुमार के तौर पर हुई है। उसके पास से 75 डेटोनेटर एक्सप्लोसिव और 90 एक्सप्लोसिव मैटेरियल बरामद किया गया है। पकड़े गए आरोपी से पुलिस के वरीय अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं। उसके बाद ही मामले का खुलासा होगा।

बताया जा रहा है कि देर रात पुलिस को सूचना मिली कि भारी मात्रा में डेंजर एक्सप्लोसिव लेकर एक व्यक्ति जा रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ओवर ब्रिज के पास से उसे पकड़ लिया। उसके पास से बरामद मोबाइल की भी जांच चल रही है। बताया जा रहा है कि पकड़ा गया राज किशोर कुमार करीब डेढ़ वर्ष पहले सेना में बहाल हुआ था। वह पिछले तीन-चार दिन से गांव में ही रह रहा था। इस संबंध में अभी कोई विशेष खुलासा नहीं हो सका है।

एसपी मनीष ने बताया कि संदेह के आधार पर एक युवक को पकड़ा गया। उसके पास से भारी मात्रा में विस्फोटक सामान बरामद किए गए हैं। इस विस्फोटक सामान का प्रयोग मकान को गिराने और लैंड माइंस लगाने में किया जाता है। मामले की जांच और आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उसके सेना में रहने की जानकारी मिली है।

Share this Article