Commonwealth Games 2022: भारतीय नीतू गंघास ने रविवार को कॉमनवेल्थ गेम्स में अपने दबदबे भरे प्रदर्शन को जारी रखते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया. नीतू ने महिलाओं के मिनिममवेट (45-48 किग्रा) वर्ग के फाइनल में रेस्जटान डेमी जेड को 5-0 के अंतर से हराकर पीला तमगा हासिल किया.
नई दिल्ली. भारतीय मुक्केबाज नीतू गंघास ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 की महिलाओं के मिनिममवेट (45-48 किग्रा) वर्ग में मेजबान इंग्लैंड की रेस्जटान डेमी जेड को 5-0 से हराकर गोल्ड मेडल जीता. 21 नीतू ने पहली बार ही कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा लिया था और पीला तमगा हासिल किया. कॉमनवेल्त गेम्स में डेब्यू कर रहीं नीतू ने गजब का आत्मविश्वास दिखाया और फाइनल में भी वह इसी अंदाज में खेली जैसे पिछले मुकाबलों में खेली थीं. उन्होंने पूरे 9 मिनट तक मुकाबले के तीनों राउंड में नियंत्रण बनाए रखा और विपक्षी मुक्केबाज को कहीं भी कोई मौका नहीं दिया. नीतू ने तेज तर्रार, सटीक मुक्कों से प्रतिद्वंद्वी को चारों खाने चित्त कर दिया.
अमित पंघल भी कॉमनवेल्थ गेम्स में पहली बार सोना जीतने में सफल रहे
भारतीय मुक्केबाज अमित पंघल ने भी गोल्ड मेडल अपने नाम किया. उन्होंने पुरुषों के फ्लाईवेट (48-51 किग्रा) वर्ग में यूरोपीय चैम्पियनशिप के रजत पदक विजेता मैकडोनल्ड कियारान को 5-0 के अंतर से मात दी. वर्ल्ड चैंपियनशिप के सिल्वर मेडल विजेता और एशियाई खेलों के गोल्ड मेडलिस्ट पंघल अपने छोटे कद के बावजूद मुकाबले में दोनों मुक्केबाजों में बेहतर दिखाई दिए.
भारतीय महिला हॉकी टीम ने ब्रॉन्ज मेडल जीता
भारतीय महिला हॉकी टीम ने रविवार को गत चैंपियन न्यूजीलैंड को शूट आउट में 2-1 से हराकर ब्रॉन्ज मेडल जीता. भारतीय टीम मैच के अंतिम लम्हों में 1-0 से आगे चल रही थी लेकिन आखिरी 30 सेकेंड से भी कम समय में उसने विरोधी टीम को पेनल्टी कॉर्नर दे दिया. यह पेनल्टी स्ट्रोक में बदला और ओलीविया मेरी ने न्यूजीलैंड को बराबरी दिला दी जिसके बाद मुकाबला शूट आउट में खिंच गया.
भारत ने शूट आउट में धैर्य बरकरार रखते हुए जीत दर्ज की. विवादास्पद सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दिल तोड़ने वाली हार के बाद इस मुकाबले में खेल रही भारतीय टीम ने पूरे मैच के दौरान बेहतर प्रदर्शन किया और पदक अपने नाम किया. सलीमा टेटे के गोल की बदौलत भारत मध्यांतर तक 1-0 से आगे था. ब्रेक के बाद नेहा गोयल ने टीम की बढ़त को लगभग दोगुना कर दिया था लेकिन न्यूजीलैंड ने अपनी रक्षापंक्ति के अच्छे प्रदर्शन की बदौलत भारत को अपनी स्थिति मजबूत नहीं करने दी.

