Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ : डाॅक्टर-स्टाफ के बाद 65 हजार पुलिसकर्मियों को लगेगी वैक्सीन…

NEWSDESK
2 Min Read

कोरोना काल में कानून व्यवस्था से लेकर सुरक्षा और मजदूरों के आने-जाने की व्यवस्था में रहे 65 हजार पुलिसकर्मियों को टीका लगाया जाएगा। इनमें से अब तक 60 हजार अधिकारी-कर्मचारियों का केंद्रीय गृह मंत्रालय के पोर्टल में रजिस्ट्रेशन किया जा चुका है। डॉक्टर व मेडिकल स्टाफ के बाद पुलिसकर्मियों का टीकाकरण शुरू होगा। वहीं पिछले एक हफ्ते से रायपुर जिले में एक बार फिर कोरोना एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़ रही है। प्रदेश में कोरोना संक्रमण की वजह से पहले लॉकडाउन से ही पुलिसकर्मियों ने बड़ी भूमिका निभाई। संक्रमित एरिया की बेरिकेडिंग से लेकर हॉट स्पॉट की निगरानी और कानून व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस की ड्यूटी लगाई गई। कोरोना काल में सात हजार पुलिसकर्मी संक्रमित हुए थे। 23 पुलिसकर्मियों की जान भी गई थी। कोरोना संक्रमित कई पुलिसकर्मियों का आज भी इलाज किया जा रहा है। इसी तरह अर्द्ध सैनिक बलों के करीब चार हजार जवान संक्रमित हुए हैं। स्वास्थ्यकर्मियों के बाद दूसरे चरण में पुलिसकर्मियों काे टीका लगाया जाएगा। इसके लिए पुलिस मुख्यालय को नोडल बनाया गया है। जिलों से जो जानकारी भेजी गई थी, उसमें से 60 हजार का पोर्टल में रजिस्ट्रेशन किया जा चुका है। इनमें डीजीपी डीएम अवस्थी से लेकर थाने में पदस्थ आरक्षक तक शामिल हैं।

हालांकि बाल आरक्षक और कुछ ऑफिस स्टाफ को अभी शामिल नहीं किया गया है। इन्हें अगले चरण में शामिल किया जाएगा।

मोबाइल पर मिलेगा मैसेज
पुलिसकर्मियों के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया के बाद अब मोबाइल पर मैसेज आएगा कि उन्हें कब और कहां टीका लगाया जाएगा। इसके लिए केंद्र सरकार से आगे के निर्देश जारी किए जाएंगे। टीकाकरण के लिए पुलिस मुख्यालय द्वारा समन्वय किया जाएगा।

अब तक 60 हजार का रजिस्ट्रेशन केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर 60 हजार पुलिसकर्मियों का अब तक रजिस्ट्रेशन किया जा चुका है। स्वास्थ्यकर्मियों के बाद पुलिसकर्मियों काे टीका लगाया जाएगा। रजिस्ट्रेशन के बाद अब पुलिसकर्मियों काे मैसेज मिल जाएगा कि उन्हें कब और कहां टीका लगाया जाएगा।

Share this Article