Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में भाजपा का दफ्तर घेरने निकले युवा कांग्रेसी, पुलिस ने 400 मीटर पहले रोका…

NEWSDESK
3 Min Read

छत्तीसगढ़ में धान खरीदी में आ रही दिक्कतों के बहाने कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। केंद्र सरकार के तीन कृषि संबंधी कानूनों के विरोध और धान खरीदी में अड़चनों से आक्रोशित युवा कांग्रेस ने प्रदर्शन का मोर्चा संभाल लिया है। आज युवा कांग्रेस ने भाजपा के प्रदेश कार्यालय एकात्म परिसर के घेराव की कोशिश की। पुलिस ने कार्यालय पहुंचने से पहले प्रदर्शनकारियों को रोक दिया।

युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव स्वप्निल मिश्रा की अगुवाई में युवा कांग्रेस के दर्जनों कार्यकर्ता शहीद स्मारक के सामने इकट्‌ठा हुए। वहां से केंद्र सरकार और भाजपा नेताओं के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शनकारी भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर की ओर बढ़े। पहले से तैयार पुलिस ने फरीस्ता कॉम्प्लेक्स से ठीक पहले बेरीकेट लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक लिया। यह जगह भाजपा कार्यालय से करीब 400 मीटर दूर है।

बेरीकेटिंग पर रोके जाने से भड़के युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वहीं पर थाली बजाकर केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा नेताओं के खिलाफ आक्रामक नारेबाजी हुई। युवा कांग्रेस कार्यकर्ता हाथ में प्ले कार्ड लेकर बैठे थे, जिसमें कृषि संबंधी कानूनों काे वापस लेने और धान खरीदी में डाली जा रही अड़चन को रोकने की मांग की गई थी।

युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव स्वप्निल मिश्रा ने कहा, केंद्र सरकार की हठधर्मिता के खिलाफ भाजपा कार्यालय का घेराव करने की कोशिश हुई है। काले कानूनों का विरोध करते हुए 60 किसान शहीद हो चुके हैं। स्वप्निल मिश्रा ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इंसानियत के नाते तीनों काले कानून वापस लेने चाहिए।

15 काे राजभवन मार्च की तैयारी

इधर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने 15 जनवरी को राजभवन मार्च की तैयारी की है। राजीव भवन से शुरू होने के लिए प्रस्तावित मार्च की अगुवाई खुद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल करेंगे। उनके साथ प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया, डॉ. चंदन यादव, समस्त मंत्रिमंडल, प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। पीसीसी के प्रभारी महामंत्री चंद्रशेखर शुक्ला ने सभी जिला और ब्लॉक समितियों को इसमें जुटने के निर्देश जारी किए हैं।

Share this Article