Google Analytics —— Meta Pixel

निर्भया गैंगरेप के दोषी मुकेश का जेल में यौन उत्पीड़न, सुनवाई के दौरान कोर्ट में खुलासा…

NEWSDESK
3 Min Read

निर्भया गैंगरेप में दोषी मुकेश ने सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान एक सनसनीखेज आरोप लगाया है। उसका कहना है कि तिहाड़ जेल में उससे जबरन सेक्स करवाया गया, वह भी केस के अन्य दोषी के साथ। मुकेश की ओर से सुप्रीम कोर्ट में दलील रख रही वकील अंजना प्रकाश ने कहा कि मुकेश का जेल में यौन उत्पीड़न हुआ था। उस समय जेल अधिकारी वहां मौजूद थे, लेकिन उन्होंने मदद नहीं की।

बता दें कि मुकेश ने 1 फरवरी वाले डेथ वॉरंट को टालने और राष्ट्रपति द्वारा दया याचिका खारिज होने के विरोध में गुहार लगाई थी। कोर्ट में उसी पर सुनवाई चल रही थी। मुकेश की वकील अंजना प्रकाश ने अपनी दलील में दावा किया कि मुकेश को निर्भया केस के एक अन्य दोषी अक्षय के साथ संबंध बनाने को मजबूर किया गया। दोषियों की वकील अंजना ने यह भी आरोप लगाया कि जेल में आने के बाद उन्हें कई बार पीटा भी गया।

बता दें कि राष्ट्रपति ने मुकेश की दया याचिका खारिज कर दी है और वह फांसी से बचने के लिए तरह-तरह के दांव खेल रहा है। हो सकता है कि शीर्ष अदालत में दी गई यह दलील भी देरी का हिस्सा हो सकती है। मुकेश की ओर से पेश वकील अंजना प्रकाश ने मंगलवार को दया याचिका खारिज होने के खिलाफ दलीलें रखीं। उन्होंने कहा कि मौत के मामले की उनको संविधान के तहत समीक्षा का अधिकार है। मुकेश के वकील ने कहा कि गवर्नर और राष्ट्रपति दया याचिका के मामले में अपने विवेक का इस्तेमाल नहीं करते हैं।

गौरतलब है कि निर्भया केस में 6 लोग दोषी थे। इसमें से एक राम सिंह ने जेल में सूइसाइड कर लिया था। एक अन्य नाबालिग अपनी सजा काटकर बाहर आ चुका है। वहीं चार को फांसी की सजा मिली है। इसमें पवन गुप्ता, मुकेश सिंह, विनय शर्मा और अक्षय ठाकुर शामिल हैं। निर्भया के दोषियों को पहले 22 जनवरी को फांसी होनी थी। लेकिन दया याचिका की वजह से मामला अटक गया था। अब दोषियों को फांसी देने के लिए 1 फरवरी की डेट दी गई है।

Share this Article