Google Analytics —— Meta Pixel

हैदराबादः लेडी डॉक्‍टर रात को हुई गायब, सुबह मिली जली हुई लाश,सोशल मीडिया पर उठी न्याय की मांग…

NEWSDESK
3 Min Read

तेलंगाना के हैदराबाद से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां के शादनगर कस्बे में अज्ञात व्यक्तियों ने 25 साल की लेडी डॉक्‍टर की प्रियंका रेड्डी की हत्या आग लगाकर कर दी. उसका जला शव गुरुवार को पाया गया. घटना की जानकारी सामने आने के बाद प्रियंका रेड्डी को न्याय दिलाने की मुहिम शुरू हो गई है. इसके लिए ट्विटर पर #RIPPriyankaReddy ट्रेंड कर रहा है.

दरअसल, गुरुवार को प्रियंका रेड्डी का झुलसा हुआ शव रंगा रेंड्डी जिले के शादनगर कस्बे के निकट चतनपल्ली पुल पर पाया गया. प्रियंका रेड्डी शादनगर के अपने घर से कोल्लूरू गांव में एक पशु चिकित्सालय में अपने ड्यूटी के लिए निकली थी. बुधवार को उन्होंने टोल प्लाजा के नजदीक अपनी स्कूटी पार्क की और कैब से काम पर पहुंची. रात में जब वह लौटी तो उन्होंने पाया कि उनकी स्कूटी पंक्चर है.

प्रियंका ने अपनी बहन को स्थिति के बारे में बताया और यह भी जाहिर किया कि उन्हें डर लग रहा है क्योंकि आसपास सिर्फ ट्रक और अनजान लोग हैं. इस पर बहन ने उन्हें टोल प्लाजा जाने या फिर स्कूटी छोड़ कैब से आने को कहा. प्रियंका ने बहन को बताया कि कुछ लोगों ने उन्हें मदद ऑफर की है और उन्होंने थोड़ी देर से कॉल बैक करने की बात कही.

रिपोर्ट्स के अनुसार, बहन ने पुलिस को बताया कि कुछ ही मिनट बाद जब प्रियंका को कॉल किया गया तो उनका फोन स्विच ऑफ आने लगा.परेशान परिवार ने पहले टोल प्लाजा पहुंच खुद प्रियंका को तलाशने की कोशिश की, जब वह नहीं मिली तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई.गुरुवार सुबह पुलिस को हैदराबाद-बेंगलुरु हाईवे के पास एक महिला का जला हुआ शव दिखाई देने की जानकारी मिली.

घटनास्थल पर पहुंचने के बाद पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट के आधार पर प्रियंका के परिवार से संपर्क किया जिन्होंने कपड़ों और गले के लॉकेट के आधार पर शव प्रियंका का होने की पुष्टि की. मामले में पुलिस ने जांच शुरू करते हुए सीसीटीवी खंगालना शुरू कर दिए हैं. साथ ही में इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है कि प्रियंका को किसने मदद ऑफर की थी.

Share this Article