Google Analytics —— Meta Pixel

मुस्लिमो ने निकाली जुलूस यात्रा, लहराये तिरंगा झंडा

NEWSDESK
2 Min Read

भागलपुर में रबी उल अव्वल की 12वीं तारीख यानी रविवार को हजरत मोहम्मद के यौम-ए-पैदाइश का जश्न मनाया गया। ईदमिलादुन्नबी के अवसर पर रविवार की सुबह आठ बजे से ही शहर के करीब 125 से 150 मुहल्लों से नात-ए-पाक के बीच जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया।

जुलूस में चल रहे हजारों लोग दारूद व नात-ए-पाक कर रहे थे।इस दौरान ‘हुजूर आये तो दुनियां में रौशनी आयी…’ और ‘ गली-गली को मनव्वर करो चरागों से, जमीं पे आज हमारे हुजूर आते हैं…’ जैसे नात-ए-पाक की सदा गूंजती रही। जुलूस में शामिल इस्लाम का ध्वज एवं तिरंगा माहौल को इबादत व देश भक्ति के रंग में रंग रहा था।

शहर के विभिन्न स्थानों से निकली जुलूस ए-मोहम्मदी मुख्य मार्गों से होते हुए दोपहर 12 बजे खानकाह आलिया शहबाजिया मौलानाचक शरीफ पहुंची। जहां लोगों ने जुलूस में शामिल लोगों का स्वागत किया। दोपहर साढ़े 12 बजे पर खानकाह आलिया शहबाजिया के गद्दीनशीं हजरत सैय्यद शाह इंतेखाब आलम ने लोगों को हजरत मोहम्मद साहब के यौमे पैदाइश की मुबारकवाद दिया।

इसके पूर्व जामिया शहबाजिया और खानकाह आलिया शहबाजिया में सुबह नौ से दस बजे के बीच बच्चों द्वारा कुरानखानी की गयी। जिन-जिन मार्गो से जुलूस निकला, वहां पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रही। तातारपुर चौक, रेलवे स्टेशन चौक, शाहजंगी मैदान और खानकाह शहबाजिया मस्जिद परिसर में बड़ी संख्या में पुलिस और रैपिड एक्शन फ़ोर्स के जवान तैनात रहे।

Share this Article