Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ : ट्रेन में सफर कर रहा था यात्री, मौत होने पर यात्रियों ने बीच में ही उतरवाया शव

NEWSDESK
2 Min Read

हरिद्वार- पुरी उत्कल एक्सप्रेस के जनरल कोच में सफर के दौरान एक बीमार यात्री की मौत हो गई। रेलवे डॉक्टर ने जांच के बाद जैसे ही मृत घोषित किया अन्य यात्री शव को उतारने के लिए अड़ गए। जबकि परिजन संबलपुर तक ट्रेन में मृतक को लेकर जाना चाह रहे थे। लेकिन यात्रियों के विरोध के चलते बिलासपुर में शव उतारा गया। पंचनामा व पोस्टमार्टम के बाद जीआरपी ने अंतिम संस्कार के लिए शव परिजन के सुपुर्द कर दिया।

घटना रविवार की है। ओडिशा संबलपुर निवासी संजय शर्मा पिता जम्मू शर्मा (45) परिवार के साथ कमाने- खाने दिल्ली गया था। 15 दिन पहले अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। इलाज के बाद सुधार नहीं होने पर पत्नी, बच्चे व परिवार के अन्य सदस्य उसे लेकर संबलपुर लौट रहे थे।

सभी उत्कल एक्सप्रेस के पीछे की तरफ के जनरल कोच में सफर कर रहे थे। कटनी के पहले तक वह स्वस्थ था। यहां से ट्रेन छूटने के कुछ देर बाद वह सो गया। लेकिन इसके बाद उसे होश नहीं आया। इस बीच टीटीई को सूचना दी गई। टीटीई ने बिलासपुर कंट्रोल को जानकारी देकर यात्री के अचेत होने की जानकारी दी। 10ः 40 बजे ट्रेन के यहां पहुंचने के बाद डॉक्टर ने जांच की।

इस दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने ट्रेन से संबलपुर तक ले जाने की गुजारिश की। लेकिन अन्य यात्रियों ने इस पर आपत्ति जताई। उनके इसी विरोध के कारण शव को बिलासपुर रेलवे स्टेशन में उतारना पड़ा। इसके बाद ही जीआरपी ने पंचनामा व पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई।

Share this Article