Google Analytics —— Meta Pixel

पाक पीएम इमरान खान के बाद सेना प्रमुख बाजवा ने दी युद्ध की धमकी, कहा- आखिरी गोली तक लड़ेंगे…

NEWSDESK
2 Min Read

जम्मू-कश्मीर पर पाकिस्तान की बौखलाहट जारी है। पाकिस्तान के पीएम इमरान खान और उनके मंत्रियों की गीदड़ भभकी के बाद अब पाकिस्तानी सेन प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा ने भारत से युद्ध की धमकी दी है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान आखिरी गोली तक जंग लड़ेगा।

पाकिस्तानी सेना प्रमुख ने कहा कि कश्मीर आज जल रहा है और हम आखिरी गोली, आखिरी सांस तक लड़ेंगे। पाकिस्तानी सेना इसके लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है। उन्होंने कहा कि युद्ध के बादल मंडरा रहे हैं लेकिन हमें अमन की उम्मीद है।

उन्होंने कहा, ”कश्मीरी जनता भारत की हिंदूवादी सरकार और वहां की सेना के जुल्मों का शिकार हो रही है। घाटी में भारत समर्थित आतंकवाद है। कश्मीर पाकिस्तान के पूरा होने का एक अधूरा एजेंडा है और यह तब ऐसा तक रहेगा, जब तक संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों और कश्मीरी लोगों की आकांक्षाओं के अनुरूप विवाद हल नहीं हो जाता।”

बता दें कि पाक पीएम इमरान खान की कैबिनेट में रेल मंत्री शेख रशीद ने एक सेमिनार में कहा था, “मैं अक्टूबर-नवंबर में भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध होता देख रहा हूं, और आज यहां पर कौम को तैयार करने के लिए आया हूं।” शेख रशीद ने कहा कि पाकिस्तान आखिरी दम तक कश्मीर के लिए लड़ता रहेगा।

इससे पहले पाकिस्तान के पीएम इमरान खान की बौखलाहट खुलकर सामने आई थी। इमरान खान ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा था कि दोनों देशों के पास न्यूक्लियर हथियार हैं और कश्मीर के लिए वे किसी भी हद तक जाएंगे।

Share this Article