Google Analytics —— Meta Pixel

सीएम फडणवीस की ‘महा जनादेश यात्रा’ को टक्कर देगी कांग्रेस की ‘पोल खोल यात्रा’

NEWSDESK
2 Min Read

 महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की महा जनादेश यात्रा से मुकाबला करने के लिए कांग्रेस ने अपनी कमर कस ली है। पोल खोल नाम से कांग्रेस ने राज्य में अपने दौरे की योजना बनाई है। प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर दोनों पार्टियां भाजपा और कांग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। कांग्रेस के इस दौरे को भाजपा को मुंहतोड़ जवाब देने का प्रतीक माना जा रहा है।

फडणवीस की यात्रा के दूसरे चरण से एक दिन पहले 20 अगस्त से कांग्रेस की यात्रा शुरू होगी। पूर्व सांसद और विधानसभा चुनावों के लिए राज्य कांग्रेस की अभियान समिति के प्रमुख नाना पटोले ने इस संदर्भ में घोषणा की है। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती पर विदर्भ के मोजरी से इस यात्रा की नींव रखी जाएगी।

1 अगस्त से शुरू हुए फडणवीस की महा जनादेश यात्रा में फडणवीस ने राज्य सरकार के कार्यकाल की प्रशंसा की है। उन्होंने दावा किया है कि उनकी सरकार ने राज्य में पहले की कांग्रेस सरकारों की तुलना में दोगुना विकास कार्य किया है। पटोले ने पांच सालों में महाराष्ट्र के विकास पर खुली बहस के लिए फडणवीस को चुनैती दी है। पटोले की अपील के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि वह कांग्रेस नेता को गंभीरता से नहीं लेते हैं।

पटोले ने इस यात्रा के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि वह अपने-अपने क्षेत्रों के वरिष्ठ नेताओं के साथ पूरे राज्य का दौरा करेंगे। महा जनादेश यात्रा को फॉलो करते हुए कांग्रेस उन्हीं जगहों का दौरा करेगी जिन क्षेत्रों का रूख मुख्यमंत्री के काफिले ने किया है। कांग्रेस अपनी इस पोल खोल यात्रा का समापन 20 सितंबर को करेगी। पटोले का कहना है कि इस पोल खोल यात्रा में राज्य सरकार के बहीखाता को जनता के सामने पेश किया जाएगा और सच्चाई से पर्दा उठाया जाएगा।

Share this Article