Google Analytics —— Meta Pixel

कांग्रेस को ऐसे अध्यक्ष की जरुरत है जो ऊजार्वान हो और सबको साथ लेकर चले : सिंधिया

NEWSDESK
2 Min Read

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज कहा कि कांग्रेस को ऐसे अध्यक्ष की जरुरत है, जो ऊजार्वान हो और सबको खासतौर से देश के पार्टी कार्यकर्ता को साथ लेकर चल सके। सिंधिया ने यहां पहुंचने के बाद राजा भोज हवाईअड्डे के बाहर संवाददाताओं के सवालों के जवाब में कहा कि नए अध्यक्ष को राहुल गांधी के बताए मार्ग पर भी चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस समय कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए सभी लोगों को एकसाथ कार्य करने की आवश्यकता है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को जब सत्ता सही तरीके से नहीं मिल पाती है, तो वह दूसरे तरीके अपनाने लगती है। यही वजह है कि कर्नाटक के बाद गोवा का घटनाक्रम सामने आ रहा है। हालाकि उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस की ही सरकार रहेगी और भाजपा यहां अपने उद्देश्यों में सफल नहीं हो पाएगी।

सिंधिया आज सुबह यहां नियमित विमान सेवा से पहुंचे हैं। उनका स्वागत करने सैकड़ों समर्थक हवाईअड्डा पहुंचे। सिंधिया इसके बाद विधानसभा में कार्यवाही देखने पहुंचे। वे दिन में मुख्यमंत्री कमलनाथ के साथ भोजन करेंगे और रात्रि में उनके समर्थक मंत्री तुलसी सिलावट के निवास पर रात्रिभोज करेंगे। वे रात्रिविश्राम के बाद कल सुबह नियमित विमान सेवा से दिल्ली जा सकते हैं। लोकसभा चुनाव में पराजय के बाद कांग्रेस अध्यक्ष पद से राहुल गांधी ने त्यागपत्र दे दिया है। उन्हें मनाने के तमाम प्रयासों के बावजूद राहुल गांधी ने हाल ही में साफतौर कह दिया है कि वे अध्यक्ष पद से अपना त्यागपत्र वापस नहीं लेंगे और कांग्रेस को नया अध्यक्ष ढूंढ लेना चाहिए।

Share this Article