रायपुर: जिला प्रशासन सक्ती द्वारा मेधावी विद्यार्थियों को इसरो, अहमदाबाद के शैक्षणिक भ्रमण पर ले जाया जा रहा है। मई माह में हुए सफल एयरपोर्ट भ्रमण के बाद जिला प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान की गतिविधियों को करीब से जानने और समझने का अवसर प्रदान किया जा रहा है। यह शैक्षणिक भ्रमण पूरी तरह निःशुल्क होगा। इस भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को इसरो में असली सैटेलाइट देखने, वैज्ञानिकों से मिलने और उनसे बातचीत करने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही अहमदाबाद के अन्य प्रमुख स्थलों का भी भ्रमण कराया जाएगा।
इस शैक्षणिक भ्रमण के लिए चयन परीक्षा का आयोजन 15 नवंबर 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया जाएगा।
परीक्षा की अवधि 2 घंटे होगी, जिसमें 100 बहुविकल्पीय (MCQ) प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा एप्टीट्यूड आधारित होगी, जिसमें सामान्य ज्ञान, तार्किक क्षमता, गणित एवं रीडिंग कॉम्प्रिहेंशन से संबंधित प्रश्न शामिल होंगे। विद्यार्थी पंजीकरण फॉर्म में अपनी सुविधा के अनुसार परीक्षा केंद्र का चयन कर सकते हैं। विद्यार्थियों का चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा।
इस शैक्षणिक भ्रमण के लिए कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी पात्र होंगे। पंजीकरण की अंतिम तिथि 9 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। भ्रमण की प्रस्तावित तिथि 22 से 26 नवंबर 2026 तक है।
ऑनलाइन पंजीकरण एवं अभ्यास प्रश्न बैंक की सुविधा
इच्छुक विद्यार्थी https://docs.google.com/forms/d/1BdB1DBCJLMhUAgYROXjq-GU1qA2VEfvzQPvgLilCYr8/viewform लिंक के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। फॉर्म में अभ्यास के लिए सैंपल प्रश्न बैंक भी उपलब्ध कराया गया है। विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से पहले प्रश्न बैंक को अवश्य हल करें। विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की गई है कि पंजीकरण फॉर्म में सही मोबाइल नंबर (व्हाट्सऐप नंबर) दर्ज करें, क्योंकि परीक्षा एवं चयन संबंधी सूचनाएं इसी नंबर पर भेजी जाएंगी। साथ ही परीक्षा के दिन निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना सुनिश्चित करें। जिला प्रशासन सक्ती ने विद्यार्थियों से इस अवसर का लाभ उठाने तथा अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक इसकी जानकारी पहुंचाने की अपील की है।

