Google Analytics —— Meta Pixel

जनजातीय गरिमा उत्सव के तहत गांव-गांव पहुंची शासन की योजनाएं, स्वास्थ्य शिविर, संतृप्ति अभियान और वृक्षारोपण से जनभागीदारी को मिला नया विस्तार…..

News Desk
2 Min Read

रायपुर: जनभागीदारी अभियान एवं जनजातीय गरिमा उत्सव 2026 के अंतर्गत जिले के दूरस्थ एवं जनजातीय बहुल ग्रामों में आज व्यापक स्तर पर संतृप्ति शिविर, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर तथा वृक्षारोपण अभियान आयोजित किए गए। इन शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों ने सहभागिता निभाई।

स्वास्थ्य शिविरों में ग्रामीणों के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ बीपी एवं शुगर जांच की गई तथा जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। आयुष्मान भारत कार्ड निर्माण एवं अद्यतन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई, जिससे पात्र हितग्राहियों को स्वास्थ्य सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया गया। चिकित्सा दलों ने ग्रामीणों को मौसमी बीमारियों से बचाव, स्वच्छता एवं पोषण संबंधी आवश्यक जानकारी भी दी।
इसी क्रम में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत ग्रामों में सामूहिक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, सरपंच-सचिवों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों एवं विभिन्न विभागों के कर्मयोगियों ने मिलकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण किया। कार्यक्रम के दौरान लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप “सबसे दूर, सबसे पहले” की अवधारणा पर कार्य करते हुए जिले के सभी ग्रामों में 25 मई तक संतृप्ति शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से शत-प्रतिशत लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिला प्रशासन ने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में उपस्थित होकर शासन की योजनाओं का लाभ लेने एवं जनभागीदारी अभियान को सफल बनाने की अपील की है।

Share this Article