Google Analytics —— Meta Pixel

झारखंड में शीतलहर का प्रकोप, कई जिलों में तापमान 10 डिग्री से नीचे

News Desk
2 Min Read

रांचीः झारखंड में ठंड का सितम देखने को मिल रहा है। रांची समेत कई जिलों के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। कांके और मैक्लुस्कीगंज का पारा 5 डिग्री पहुंच गया, वहीं 9 जिलों में पारा 10 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग की ओर से राज्य के कई हिस्सों में शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

रांची स्थित IMD के वैज्ञानिकों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में तापमान में 4.5 डिग्री की गिरावट हुई। दिन में धूप निकलने के बावजूद कनकनी वाली ठंड लग रही है। नौ जिलों में पारा 10 डिग्री से नीचे चला गया है। बोकारो थर्मल का न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री और गढ़वा में 5.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग की ओर से अगले 48 घंटों के दौरान राज्य के 10 जिलों में शीतलहर की चेतावनी दी गई है। बोकारो, धनबाद, देवघर, कोडरमा, लोहरदगा, लातेहार, चतरा, गढ़वा और पलामू के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। उत्तरी पछुआ हवा चलने से कनकनी भी बढ़ेगी। मौसम पूर्वानुमान में बताया गया है कि अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी तरह के बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इस दौरान सुबह में हल्का कोहरा छाये रहने और इसके बाद आसमान साफ रहने की संभावना है। लेकिन शाम और रात में धुंध रहेगी।

Share this Article