Google Analytics —— Meta Pixel

रांची में झमाझम बारिश से हुई दिन की शुरुआत, ठंड बढ़ी, कनकनी का आलम

News Desk
3 Min Read

रांची। राजधानी रांची व आसपास के जिलों में पिछले 4 घंटों से लगातार वर्षा हो रही है। अहले सुबह कोहरे के साथ वर्षा की बूंदों ने ठंड का प्रकोप बढ़ा दिया है। रांची समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में ठंड का प्रकोप बढ़ने लगा है।

मौसम में लगातार परिवर्तन हो रहा है। खासकर निकटवर्ती मध्य हिस्से यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, गुमला और खूंटी के अलावे उत्तर पूर्वी हिस्से यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, गिरिडीह, जामताड़ा व साहिबगंज में मेघगर्जन के साथ कोहरे का असर देखा जाएगा।

मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 10 दिसंबर तक प्रदेश के कई जिलों में कोहरे का असर देखा जाएगा। इसे लेकर मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है।
इसके बाद अगले तीन दिनों के दौरान इसमें धीरे धीरे 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने की संभावना है।
मौसम विज्ञानी ने आमजनों को मौसम में हो रहे बदलाव से संभलकर रहने की सलाह दी है। वहीं राजधानी रांची में 9 और 10 दिसंबर को सामान्यत: बादल छाए रहेंगे और हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा हो सकती है।

बारिश से बढ़ा ठंड का प्रकोप
रात में राजधानी का तापमान भी दस डिग्री के नीचे पहुंच जाता है और ठंड के कारण लोग शाम ढ़लते ही घरों में दुबक जाते हैं। राजधानी रांची के तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है।
सुबह में कोहरे या धुंध जबकि दोपहर में धूप के कारण आसमान मुख्यत: साफ रह रहा है और मौसम शुष्क बना हुआ है। रविवार को दोपहर के बाद आसमान में बादल छाए रहने और हल्की हवा बहने के कारण शीतलहर जैसी स्थिति देखने को मिली।

साइक्लोनिक सर्कुलेशन ने बढ़ाई ठंडक
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण ठंड का असर भी बढ़ने लगा है।
झारखंड में इसका प्रवेश उत्तर पश्चिमी दिशा से होता है।
यही कारण है कि पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा में पिछले दो दिनों से आंशिक बादल छाए हुए हैं।
धीरे धीरे इसका असर पूरे राज्य में बढ़ रहा है और आगामी दिनों ठंड का असर भी बढ़ेगा।
पश्चिमी दिशा से आ रही नमी युक्त हवा के कारण कोहरे और धुंध का असर बढ़ेगा और तापमान में भी कमी होगी।

ऐसा रहा मौसम
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो राज्‍य का मौसम शुष्क बना रहा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस सरायकेला का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस हजारीबाग का रिकॉर्ड किया गया। जबकि राजधानी का अधिकतम 25.6 डिग्री तो न्यूनतम 11.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Share this Article