Google Analytics —— Meta Pixel

बिलासपुर से कटनी जा रही मालगाड़ी के 20 डिब्बे पटरी से उतरे, ट्रैक पर काम जारी, ट्रेनों को किया डायवर्ट

News Desk
2 Min Read

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर रेल मंडल में मंगलवार को एक हादसा हो गया। कोयले से लदी एक ट्रेन बेपटरी हो गई। ट्रेन के करीब 20 डिब्बे पटरी से उतर गए हैं। जिस कारण यात्री ट्रेनों को डायवर्ट रूट से निकाला जा रहा है। वहीं, कई ट्रेनें लेट हो गई हैं। हादसा किस कारण से हुआ फिलहाल इसका खुलासा नहीं हुआ है। हादसे की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है। राहत और बचाव कार्य जारी है।

घटनास्थल पर पहुंचकर मरम्मत कार्य शुरू किया
अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल के अंतर्गत बिलासपुर-कटनी रेलखंड पर खोंगसरा और भनवारटंक स्टेशनों के बीच सुबह एक मालगाड़ी अप लाइन में पटरी से उतर गई। उन्होंने बताया कि कोयले से भरी मालगाड़ी बिलासपुर से कटनी की ओर रवाना हुई थी और खोंगसरा तथा भनवारटंक स्टेशनों के बीच उसके लगभग 20 डिब्बे पटरी से उतर गए।

20 डिब्बे पटरी से उतरे
अधिकारियों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद रेल विभाग का दल घटनास्थल पर पहुंच गया और मरम्मत कार्य शुरू कर दिया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। उन्होंने बताया कि घटना के कारण इस मार्ग पर परिचालन बाधित होने से कुछ यात्री गाड़ियों को परिवर्तित मार्ग से गंतव्य के लिए रवाना किया जा रहा है।

पुरी-योगनगरी ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस का मार्ग परिवर्तित
इस मार्ग पर चलने वाली पुरी-योगनगरी ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस को परिवर्तित मार्ग बिलासपुर-गोंदिया-जबलपुर-कटनी मुरवारा के रास्ते रवाना किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसी तरह एमसीटीएम (ऊधमपुर) एक्सप्रेस को परिवर्तित मार्ग दुर्ग-गोंदिया-जबलपुर-कटनी मुरवारा के रास्ते रवाना किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए बिलासपुर, रायगढ़, अनूपपुर, शहडोल, उसलापुर, दुर्ग, रायपुर और गोंदिया जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर सहायता केंद्र की स्थापना की गई है। उन्होंने बताया कि घटना के कारणों के बारे में अभी जानकारी नहीं मिली है और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

Share this Article