Google Analytics —— Meta Pixel

बीजेपी ने नहीं दिया टिकट……निर्दलीय लड़ चुनाव जीती देश की सबसे अमीर महिला 

News Desk
2 Min Read

हिसार । हिसार विधानसभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं। देश की सबसे अमीर महिला सावित्री जिंदल ने हिसार सीट पर जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के राम निवास रारा को 20,000 से अधिक वोटों से हराया है। आंकड़ों के अनुसार, सितंबर 2024 तक सावित्री जिंदल की कुल संपत्ति 3.65 लाख करोड़ रुपये थी।
बता दें कि ओपी जिंदल ग्रुप की चेयरपर्सन सावित्री ने हिसार सीट से निर्दलीय नामांकन दाखिल किया था। नामांकन शपथ पत्र में दी गई जानकारी के मुताबिक, सावित्री जिंदल के विभिन्न बैंक खातों में करीब 4.09 करोड़ रुपए जमा हैं। उनके पास 165 करोड़ के शेयर और करीब 20 करोड़ रुपए के गहने हैं। इतना ही नहीं उनके पास करीब 80 करोड़ रुपए की कृषि और गैर-कृषि योग्य जमीन भी है। इसी साल मार्च में सावित्री जिंदल के बेटे पूर्व सांसद नवीन जिंदल भाजपा में शामिल हुए थे। वे कुरुक्षेत्र से भाजपा के सांसद हैं। नवीन जिंदल के भाजपा में शामिल होने के 3 दिन बाद ही पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गई थीं। उन्हें उम्मीद थी कि विधानसभा चुनाव में पार्टी उन्हें हिसार विधानसभा से टिकट जरूर देगी। मगर पार्टी ने पूर्व विधायक व मंत्री डॉ. कमल गुप्ता पर तीसरी बार भरोसा जताकर उन्हें टिकट थमाया। जिस पर उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया।
हिसार विधानसभा सीट पर सावित्री जिंदल के सामने बीजेपी, कांग्रेस, जजपा और आप के उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरे थे। बीजेपी ने सिटिंग विधायक कमल गुप्ता को टिकट दिया था, जबकि कांग्रेस ने राम निवास रारा पर भरोसा जताया था। वहीं, जजपा ने रवि अहूजा और आम आदमी पार्टी ने संजय सतरोदिया को मैदान में उतारा था।

Share this Article