Google Analytics —— Meta Pixel

चंपाई सोरेन भाजपा में जाएंगे या नहीं, सस्पेंस जारी

News Desk
2 Min Read

रांची/दिल्ली। झारखंड के पूर्व सीएम चंपाई सोरेन के कई विधायकों के साथ भाजपा में शामिल होंगे या नहीं। इसपर सस्पेंस बरकरार है। उन्होंने सोशल मीडिया साइट एक्स के बायो से जेएमएम लीडर और मंत्री हटा लिया है। पूर्व सीएम के घर सरायकेला-खरसावां जिले के गांव जिलिंगगोड़ा से जेएमएम का झंडा हट गया है। वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इशारों में भाजपा और चंपई सोरेन पर निशाना साधा है। हेमंत सोरेन ने कहा है कि पैसे के दम पर घर और पार्टी तोड़ी जा रही है। हेमंत सोरेन ने कहा कि चुनाव आयोग अब संवैधानिक संस्था नहीं रहा है। हेमंत सोरेन ने कहा कि चुनाव की घंटी हमारे विरोधी भाजपा के पास है और जल्द ही ये बजने वाली है।
चंपाई के साथ कई विधायकों के भाजपा में शामिल होने की अटकलें हैं। इनमें खरसावां से जेएमएम विधायक दशरथ गागराई ने भाजपा में शामिल होने की खबरों का खंडन किया है। उन्होंने एक शपथ पत्र जारी किया है जिसमें लिखा है कि हम आधी रोटी खा लेंगे, मगर गुरु जी (शिबू सोरेन) के मान सम्मान को नीचे नहीं होने देंगे। जेएमएम इस राज्य की माटी की पार्टी है और मुझे गर्व है कि मैं इस पार्टी का सिपाही हूं।
हालांकि चंपई सोरेन पर झारखंड मुक्ति मोर्चा का भी बयान आया है। पार्टी ने कहा है कि भाजपा डूबता हुआ जहाज है और चंपई सोरेन क्रांतिकारी हैं और कहीं नहीं जाएंगे। इस बीच चंपई सोरेन ने दिल्ली पहुंचने के बाद बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मैं यहां अपने निजी काम से आया हूं। चंपई सोरेन ने कहा कि उनकी बेटी दिल्ली में रहती है, जिसके चलते वे दिल्ली में आते रहते हैं। चंपई ने कहा कि वह अपनी बेटी से मिलने आए हैं।

Share this Article