झारखंड में मानसून से मिली राहत; इन 8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

News Desk
3 Min Read

राजधानी रांची समेत आसपास के जिलों में शाम में हुई वर्षा के बाद मौसम सुहावना हो गया है। तपती गर्मी से जहां लोगों को राहत मिली है वहीं दूसरी ओर खरीफ फसलों की तैयारी में जुटे किसानों के बीच उम्मीद जगी है। राजधानी में दिनभर आसमान में काले बादल छाए रहे और शाम में झमाझम हुई वर्षा के बाद पूरा शहर पानी पानी हो गया।

करीब एक घंटे की वर्षा में शहर के अधिकांश जगहों पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। शहर के कोकर, लालपुर, मेन रोड, रेलवे स्टेशन रोड, हरमू, हिंदपीढ़ी, धुर्वा समेत कई अन्य जगहों पर जलजमाव हो गया। नालों से गंदा पानी उफनकर बाहर निकलने लगा। वर्षा के दौरान ओवरब्रिज के पास जाम लग गया।

लोगों से सावधान रहने की अपील

कुछ देर के लिए शहर का आवागमन भी ठप हो गया। शहर के लोगों ने पहली वर्षा का जमकर लुत्फ भी उठाया और वर्षा के दौरान छतरी व रेनकोट पहनकर बाहर निकले। मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी रिपोर्ट में बताया गया कि राजधानी के अलावे बोकारो, गुमला, गढ़वा, हजारीबाग, खूंटी, कोडरमा, लोहरदगा, रामगढ़, सिमडेगा में जमकर वर्षा हुई है।

जिससे पूरे राज्य का तापमान लुढ़ककर 40 के नीचे पहुंच चुका है। पिछले एक माह के दौरान यह पहली बार है कि पूरे राज्य में हीटवेव का असर लगभग समाप्त हो गया है। केंद्र द्वारा जारी बुलेटिन में बताया गया कि पूरे राज्य का तापमान 40 से नीचे पहुंच चुका है। लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

8 जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान की बात करें तो 21 जून को राज्य के उत्तर पूर्वी हिस्से यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, धनबाद, जामताड़ा, गिरिडीह और साहिबगंज के अलावे दक्षिणी हिस्से यानी पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां में कहीं-कहीं भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 40 से 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा के बहने की भी संभावना है और आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यह स्थिति 23 जून तक बनी रहेगी।

ऐसा रहा मौसम 

पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो राज्य में कहीं कहीं मेघगर्जन एवं आंधी के साथ हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा हुई। सबसे अधिक वर्षा 63.5 मिमी खूंटी में रिकार्ड की गई। वहीं सबसे अधिक अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री पलामू का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रांची का रिकार्ड किया गया।राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

Share this Article