छत्तीसगढ़ में गर्मी का सितम लगातार जारी है. मौसम विभाग ने रायपुर और दुर्ग संभाग में चलेगी हीट वेव चलने की संभावना जताई है. बुधवार को रायगढ़ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा. तो वहीं बिलासपुर में गर्मी की वजह से बुजुर्ग महिला की मौत हो गई है.
छत्तीसगढ़ में नौतपा के 6वीं दिन भी तेज गर्मी का सामना लोगों को करना होगा. प्रदेश में बढ़ती गर्मी को लेकर एक बार फिर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग में चलेगी हीट वेव चलने की संभावना है. कई जिलों में रात के वक्त भी तापमान ज्यादा ही रहेगा. बुधवार को रायगढ़ प्रदेश में सबसे गर्म शहर रहा. यहां का तापमान 46.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. तो वहीं रायपुर में 45.7 और बलरामपुर में 45.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है. इधर, बिलासपुर में भीषण गर्मी में लू से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई है. महिला अपने घर के आंगन में चक्कर खा कर बेहोश हो गई थी. अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. सरगांव के वार्ड क्रमांक 14 की यह घटना है. बुधवार को सिम्स में पोस्टमार्टम के बाद महिला के शव को परिजनों को सौंप दिया गया है.
मौसम विभाग की मानें तो 31 मई तक तापमान में कोई खास परिवर्तन होने की संभावना नहीं है. गुरुवार को भी हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है. तो वहीं 31 मई से 2 जून के बीच बारिश की संभावना जताई गई है. बुधवार को प्रदेश के ज्यादातर जिलों में शाम के समय भी गर्म हवाएं चलती रही. रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में रात का तापमान भी 31 डिग्री के पार रहा.
कई जिलों में रात का तापमान रहेगा ज्यादा
मौसम विभाग के मुताबिक सुरजपुर, कोरिया, बिलासपुर, बलरामपुर,मरवाही, कोरबा, मुंगेली, जांजगीर, सक्ती, रायगढ़, सारंगढ़. राजनांदगांव, खैरागढ़, रायपुर, बलौदाबाजार, महासमुंद, दुर्ग, बालोद, बेमेरा, रायपुर जिलों में हीट वेव चलेंगे. इसे लेकर अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में रात का तापमान भी ज्यादा रह सकता है.
जानें कब बदलेगा मौसम
मौसम विभाग की मानें तो 31 मई से प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम में बदलाव हो सकता है. कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. इतना ही नहीं 31 मई को बस्तर में हल्की बूंदाबांदी की भी संभावना है. बस्तर में ऐसी ही स्थिति 1 जून को भी रह सकती है. तो वहीं 2 जून को गरियाबंद और धमतरी जिले में हल्की बारिश हो सकती है.

