Google Analytics —— Meta Pixel

अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता अब संभालेगी चुनाव प्रचार की कमान, दिल्ली में रोड शो, कई राज्यों में…

NEWSDESK
2 Min Read

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के जेल में रहने के दौरान अब उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल लोकसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी के प्रचार अभियान की कमान संभालेंगी. वह इस हफ्ते के अंत में दिल्ली में एक रोड शो कर सकती हैं.

नई दिल्ली. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के जेल में रहने के दौरान अब उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल लोकसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (आप) के प्रचार अभियान की कमान संभालेंगी. वह इस हफ्ते के अंत में दिल्ली में एक रोड शो कर सकती हैं. पार्टी के सूत्रों ने यह जानकारी दी. ईडी द्वारा दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में केजरीवाल को गिरफ्तार किए जाने से आप का चुनाव-प्रचार अभियान बहुत प्रभावित हुआ है.

ऐसे में सुनीता केजरीवाल उनकी गैर-मौजूदगी में चुनाव-प्रचार को गति देने के लिए खुद रोड शो करेंगी. गौरतलब है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री की न्यायिक हिरासत सात मई तक बढ़ा दी गई है. आम आदमी पार्टी के एक सूत्र ने बताया कि ‘मुख्यमंत्री केजरीवाल की पत्नी आने वाले सप्ताहांत में कोंडली विधानसभा सीट पर अपना पहला रोड शो करेंगी. यहां से मौजूदा विधायक कुलदीप कुमार पार्टी के टिकट पर पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से मैदान में उतरे हैं. सुनीता दिल्ली में अन्य तीन लोकसभा सीटों पर भी रोड शो करेंगी.

दिल्ली में कांग्रेस के साथ गठबंधन कर लोकसभा चुनाव लड़ रही आप ने पूर्वी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली और नई दिल्ली सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं. जबकि कांग्रेस ने उत्तर पूर्वी दिल्ली, उत्तर पश्चिमी दिल्ली और चांदनी चौक सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं. सूत्रों ने बताया कि सुनीता केजरीवाल गुजरात और पंजाब में भी आप के उम्मीदवारों के लिए चुनाव प्रचार करेंगी. उनका नाम गुजरात के लिए पार्टी के स्टार प्रचारकों की सूची में भी शामिल है.

 

Share this Article