Google Analytics —— Meta Pixel

12 अगस्त को मनेगी ईद उल अजहा, दिल्ली में शुक्रवार को चांद के हुए दीदार

NEWSDESK
2 Min Read

दिल्ली में शुक्रवार को ईद उल अजहा के चांद के दीदार हो गए। बकरीद का त्योहार 12 अगस्त को मनाया जाएगा। ईद उल जुहा या बकरीद, ईद उल फित्र के 2 महीने 9 दिन बाद मनाई जाती है।

फतेहपुरी मस्जिद के शाही इमाम मौलाना मुफ्ती मुकर्रम अहमद ने बताया कि दिल्ली और उत्तरप्रदेश के अलग-अलग शहरों समेत देश के कई हिस्सों में चांद नजर आ गया है, लिहाजा बकरीद का त्योहार 12 अगस्त दिन सोमवार को मनाया जाएगा।

वहीं इमारत-ए-शरिया हिन्द ने भी ऐलान किया कि शुक्रवार शाम को इस्लामी महीने जुलहज्जा का चांद नजर आ गया है और शनिवार को इस्लामी कैलेंडर के आखिरी महीने की पहली तारीख है।

इमारत-ए-शरिया हिन्द ने बताया कि दिल्ली का आसमान साफ था, जहां चांद नजर आ गया। इसके अलावा गाजियाबाद के साथ उत्तरप्रदेश के कई शहरों, पटना समेत बिहार के कई हिस्सों में बकरीद का चांद दिखने की तस्दीक हुई है लिहाजा 12 अगस्त को ईद उल जुहा मनाई जाएगी।

दिल्ली की जामा मस्जिद के इमाम सैयद अहमद बुखारी ने भी कहा कि शुक्रवार को इस्लामी कैलेंडर के आखिरी महीने का चांद नजर आ गया है और बकरीद का त्योहार 12 अगस्त को मनाया जाएगा। ईद उल अजहा का चांद 10 दिन पहले दिखता है।

Share this Article