Google Analytics —— Meta Pixel

सबसे अमीर गणपति मंडल ने करवाया 267 करोड़ रु. का बीमा, बप्पा 20 करोड़ के आभूषण पहनेंगे…

NEWSDESK
3 Min Read

महाराष्ट्र में दस दिनों तक चलने वाला गणेशोत्सव 2 सितंबर से शुरू हो रहा है। देश के सबसे अमीर गणपति मंडल यानी जीएसबी (गौड़ सारस्वत ब्राह्मण) सेवा मंडल ने इस बार 266.65 करोड़ रुपए का बीमा कवर लिया है। यह पिछले साल से 1.65 करोड़ रुपए ज्यादा है।

मंडल ने 2017 में 264.25 करोड़ रुपए और 2018 में  265 करोड़ रुपए का बीमा करवाया था। देश का सबसे अमीर गणपति मंडल के रूप में प्रसिद्ध जीएसबी सेवा मंडल अपने पंडाल, मूर्ति, आभूषण, स्वयंसेवकों और श्रमिकों के लिए भी बीमा लेता है। यहां तक कि फलों, सब्जियों और किराने के 2200 से अधिक सामानों और मंडल के लिए काम करने वाले श्रमिकों/स्वयंसेवकों कवर करता है। स्वयंसेवकों और अन्य लोगों के लिए व्यक्तिगत दुर्घटना कवर 224.90 करोड़ रुपए का है, जो कुल बीमा धन का सबसे बड़ा हिस्सा है।

बप्पा धारण करेंगे 20 करोड़ के आभूषण 

गौड़ सारस्वत ब्राह्मण सेवा मंडल की शुरुआत 1951 में हुई थी। इस बार यहां पांडाल 70 हजार वर्ग फीट से ज्यादा का है। इस बार गणेशजी करीब 20 करोड़ रुपए के सोने, चांदी, हीरे अन्य बेशकीमती नगों के आभूषण धारण करेंगे। इसलिए सुरक्षा और निगरानी के लिए करीब 100 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा, 4500 सुरक्षाकर्मी मंडल के कार्यकर्ता भी व्यवस्था में तैनात रहेंगे।

इस बार प्रतिमा की ऊंचाई 14 फीट

जीएसबी सार्वजनिक गणेशोत्सव समिति के आरजी भट्‌ट ने बताया कि मंडल के गणेशजी की मूर्ति की ऊंचाई 14 फीट रहने वाली है। चूंकि, गणपति करोड़ों रुपए के आभूषण गहने धारण करते हैं इसलिए इस बार करीब 266.65 करोड़ रुपए का बीमा कराया गया है। 

 
लालबाग के राजा का 51 करोड़ का कवर
जीएसबी वडाला ने भी इस साल अपना बीमा कवर 50 करोड़ बढ़ाकर 55 करोड़ रुपए करा दिया है। लालबाग के राजा ने बीते साल 51 करोड़ रुपए का बीमा कवर लिया था। इस साल भी लालबाग का राजा गणपति मंडल ने उतनी ही रकम का कवर लिया है। मुंबई के राजा गणेश गल्ली के लिए इस साल मंडल ने 7.5 करोड़ रुपए का बीमा कराया है। बीते साल भी 6.5 करोड़ रुपए का कवर लिया था। बॉलीवुड के प्रिय माने जाने वाले अंधेरी का राजा के लिए भी इस साल कवर बढ़ा है।

बीमा कंपनियां इसे कमाई के मौके के तौर पर भी देख रही हैं
दस दिनों तक चलने वाले गणेशोत्सव के लिए बीमा कंपनियां बीमा कवर करने को तैयार रहती हैं। वैसे तो हर गणपति मंडल के अलग अलग साइज और जरूरत के हिसाब से प्रोडक्ट तैयार किया जाता है, लेकिन मोटे तौर पर बीमा कवर में बप्पा को मिलने वाले चढ़ावे, गहने का बीमा होता है। साथ ही वालंटियर्स का बीमा, आग लगने, चोरी होने, आतंकी घटना होने या फिर प्रसाद खाने से बीमार होने की स्थिति में किसी दावे से बचने का भी कवर गणपति मंडल लेते हैं।

Share this Article